मुरादाबाद: शताब्दी समरोह में पहुंचे कपिल देव, बोले- मेहनत और लगन से लक्ष्य हासिल करें विद्यार्थी
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। बुधवार को नगर के प्राचीन और प्रसिद्ध सनातन धर्म हिन्दू इंटर कॉलेज की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी समरोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कॉलेज के संस्थापक स्व. साहू ब्रजपाल सरन अग्रवाल की प्रतिमा का अनावरण किया।
उन्होंने विद्यालय की स्थापना कराने वाले साहू ब्रजपाल सरन अग्रवाल से प्रेरणा लेकर संपन्न लोगों से समाज को आगे बढ़ाने, आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वे अपने अंदर गरीबी या अन्य कोई हीन भावना न रखकर मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए संघर्ष करें। उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने शिक्षा के छात्र छात्राओं को भविष्य के लिए व्यवसायिक कामों को भी सीखने पर जोर दिया।
उन्होंने कॉलेज में स्किल कार्यक्रम की घोषणा करते हुए छात्राओं को सिलाई- कढ़ाई, डिजाइन आदि सीखने के लिए सरकार की ओर से शिक्षक की नियुक्ति करने की भी घोषणा की। इसके लिए उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से मांग पत्र देने पर जोर दिया। छात्र-छात्राओं को परिवार और समाज के प्रति उनके दायित्व और जिम्मेदारी की भी याद दिलाई।
छात्राओं से क्रिकेट का विश्व कप जीतने वाली अंडर-19 की टीम से प्रेरणा लेने का भी आह्वान किया। कॉलेज के संस्थापक के पौत्र साहू महेश सरन अग्रवाल, प्रबंधक उमेश चंद अग्रवाल, अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान मेरठ कैंट से विधायक अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्र छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थितो का मन मोह लिया।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: संघ प्रमुख के समर्थन में आए बरकतुल्लाह खान, बोले- इंसानियत की बात करते हैं भागवत
