मुरादाबाद : सरकारी सुविधाएं नाम की, जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र की छत पर उपले पाथ रहे ग्रामीण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मनमानी : सिड़लऊ नजरपुर में फैली गंदगी से सता रहा संक्रामक बीमारी का डर, ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे

बिलारी ब्लॉक के गांव सिडलऊ नजरपुर आंगनवाड़ी केंद्र के भवन पर उपले पाथती महिला।

मुरादाबाद , अमृत विचार। सरकारी योजनाओं के फलदायी होने का भले ही जोर शोर से ढोल पीटा जा रहा है, लेकिन इसकी हकीकत ग्रामीण क्षेत्रों में खुल रही है। जिला मुख्यालय से सिर्फ 15-16 किलोमीटर दूर बिलारी ब्लॉक के कई गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। आंगनबाड़ी केंद्र में उपले पाथे जा रहे हैं तो गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र न होने से झोलाछापों की चांदी है। गंदगी से संक्रामक बीमारी का खतरा है तो सरकारी सुविधाएं यहां केवल नाम की हैं। 

बिलारी ब्लॉक के गांव सिड़लऊ नजरपुर में विकास कार्य की स्थिति दयनीय है। यहां गंदगी पसरी है तो स्वास्थ्य सेवाएं झोलाछापों के भरोसे हैं।  8500 आबादी वाले गांव में स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं बनाया गया है। जो पहले का आंगनबाड़ी केंद्र है, वह खस्ताहाल है। इसपर अब ग्रामीणों द्वारा उपले पाथने का काम शुरू कर दिया गया है। गांव में दो सफाईकर्मियों की तैनाती के बाद भी गली में जगह-जगह कूड़े के ढेर हैं जिससे गंदगी के चलते लोगों को संक्रामक बीमारी का डर सता रहा है। 

आंगनबाड़ी कार्यकत्री अंजली शर्मा ने बताया कि पंचायत सहायक भवन में बैठकर पुष्टाहार वितरण करना पड़ता है। पुष्टाहार भी हर महीने पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलता है। बड़ा गांव होने से गर्भवती और धात्री महिलाओं की भी संख्या अधिक है। गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक सुरेंद्र ने बताया कि प्रधान से कई बार कहने के बाद भी विद्यालय की टूटी खिड़कियों को सही नहीं कराया जा रहा है जिससे छात्रों को परेशानी हो रही है। गांव के बाहर बने प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी नहीं है जिसके कारण विद्यालय में आए दिन अज्ञात लोगों द्वारा विद्यालय की संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया जाता है। गांव के आने वाले रास्ते के दोनों किनारे कूडे़ का ढेर लगा है। वहीं, प्रधान रितु कश्यप के पति राजपाल के अनुसार गांव में कहीं कूड़ा डालने का स्थान न होने के कारण ग्रामीण यहीं कूड़ा डाल जाते हैं।

गांव में नये आंगनबाड़ी केंद्र बनाने का प्रस्ताव दिया है। पुष्टाहार न बंटने की जांच सीडीपीओ से कराएंगे। वह स्वयं भी इस जगह का निरीक्षण करेंगी। जो कमी होगी उसे हर हाल में दूर कराएंगे।-डॉ. अनुपमा शांडिल्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : रेलवे के दावे हवाई, ट्रेनों के संचालन में कोई सुधार नहीं, यात्रियों की परेशानी बढ़ी

 

संबंधित समाचार