बार्क के किसी भी वैज्ञानिक की मृत्यु विकिरण संबंधी कैंसर से नहीं हुई: मंत्री जितेंद्र सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) में वैज्ञानिकों के एक आंतरिक सरकारी अध्ययन में कहा गया है कि विकिरण के कारण कोई मृत्यु नहीं हुई है। सिंह ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवालों के जवाब में कहा, ‘‘हमने यह पता लगाने के लिए एक अध्ययन किया कि भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में काम करने वाले कितने वैज्ञानिकों की विकिरण के कारण मृत्यु हो गई।

आपको जानकर हैरानी होगी कि ऐसा कोई मामला नहीं है। दो या तीन अस्वाभाविक मौतें हुईं और एक या दो मृत्यु कैंसर के कारण हुईं जो विकिरण से संबंधित नहीं थीं।’’ उन्होंने कहा कि लोगों में इस प्रकार की आशंकाओं को दूर करना सभी सांसदों की जिम्मेदारी है। मंत्री इस बात का जिक्र कर रहे थे कि कैसे मेघालय में यूरेनियम का एक बड़ा स्रोत बाधित हो गया और लोगों के डर के कारण एक संयंत्र लगाने में दो से तीन साल की देरी हुई।

उन्होंने कहा, “जहां भी खनन किया जाता है या रिएक्टर स्थापित किए जाते हैं, वहां सभी सावधानियां बरती जाती हैं। लेकिन सार्वजनिक आशंकाएं हैं। कोई कहता है कि इससे कैंसर की महामारी होगी, हालांकि अध्ययन विपरीत बात कर रहे हैं।’’

यह भी पढ़ें- Video : RS में लगे मोदी-अडानी भाई-भाई के नारे, PM बोले- उनके पास कीचड़, मेरे पास गुलाल

संबंधित समाचार