बिजनौर : देश को विकास की राह दिखाने वाला है बजट, प्रभारी मंत्री कपिल देव ने संगोष्ठी को किया संबोधित
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते छात्र-छात्राएं व संगोष्ठी को संबोधित करते प्रभारी मंत्री कपिल देव
बिजनौर, अमृत विचार। प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नूरपुर रोड स्थित विवेक कॉलेज ऑफ एजुकेशन में गुरुवार को अमृत काल के प्रथम बजट पर संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट देश के नागरिकों को सामाजिक न्याय, समानता, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराने वाला बजट है। यह देश का 75वां आम बजट इजी ऑफ लिविंग को बढ़ाने वाला बजट है। दुनिया में सबसे तेज गति से देश को विकास की राह दिखाने वाला और भारत को उच्च मुकाम पर ले जाने वाला बजट है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बजट के माध्यम से पुरानी टैक्स व्यवस्था को खत्म कर मध्यम वर्ग के नौकरीपेशा लोगों को ऐतिहासिक तोहफा दिया है। इससे अब नौकरीपेशा लोगों को 7 लाख रुपये सालाना की आय पर कोई टैक्स नहीं देना होगा। मोटे अनाज उगाने के मोर्चे पर भारत लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में अन्न का सबसे बड़ा उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश है। यह बजट प्रदेश सहित देश को विकास की राह दिखाने वाला बजट है। केंद्रीय बजट में देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता एवं अखंडता को मजबूत बनाने के लिए सबसे ज्यादा बजट रक्षा के क्षेत्र में आवंटित किया गया है, जिससे थल, जल एवं वायु सेना को सुदृढ़ और शक्तिशाली बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि यह बजट अमृत काल का पहला आम बजट एक लोक कल्याणकारी बजट है, जिसे गांव, गरीबों, किसानों, आदिवासियों, दलित, पिछडों, शोषित, वंचित, दिव्यांग, आर्थिक रूप से पिछडे और मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त व सक्षम बनाने तथा समाज के हर वर्ग के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया है। बजट में समाज के हर वर्ग के लोगों को लाभ देने के लिए सभी प्रकार की योजनाओं को समावेषित किया गया है ताकि देश विकास और समृद्वि कर विश्व को नई दिशा प्रदान कर सके। अमृत काल बजट संगोष्ठी में विवेक कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति पर आधारित नृत्य भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मार्च पास्ट कर सलामी ली। विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुति किए गए। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, कॉलेज के चेयरमेन अमित गोयल, तपराज देशवाल, हरजिंदर कौर आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : बिजनौर: कार से दो लोगों को कुचलकर भाजपा नेता फरार, आरोपी पर 25 हजार का इनाम
