सुलतानपुर: कड़ी सुरक्षा में गौरव का किया गया अंतिम संस्कार, ढाबे पर गोली मारकर कर दी गई थी हत्या
मोतिगरपुर, सुलतानपुर। घासीपुर के पास मंगलवार हुए गोलीकांड में मृतक गौरव सिंह का अंतिम संस्कार परिजनों की मौजूदगी में गुरुवार को दियरा राजघाट पर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। इस गैंगवार में घायल दूसरे युवक का इलाज चल रहा है।
मालूम हो कि बीते मंगलवार को जयसिंहपुर कोतवाली के धरसौली गांव निवासी आशुतोष सिंह पुत्र रामकरन सिंह अपने 20 वर्षीय चचेरे भाई गौरव सिंह पुत्र कर्मराज सिंह के साथ कोतवाली देहात अंतर्गत घासीपुर के पास कार की सर्विसिंग कराने गया था। जहां बाइक सवार बदमाशों ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें गौरव की सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गयी थी।
गंभीर रूप से घायल आशुतोष सिंह को लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतक गौरव के पिता कर्मराज सिंह तहरीर पर शक्ति सिंह सहित 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। बुधवार को मृतक गौरव सिंह के शव का पोस्टमार्टम पुलिस की मौजूदगी में किया गया। देर रात परिजन गौरव का पार्थिव शरीर लेकर पैतृक गांव धरसौली पहुंचे। गुरुवार की सुबह शव को अंतिम संस्कार के लिए दियरा राजघाट ले जाया गया।
दियरा राजघाट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के बीच गौरव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मोतिगरपुर थानाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक सहजानंद सिंह, जयसिंहपुर कोतवाल प्रेमचंद्र सिंह, उपनिरीक्षक हीरालाल, कांस्टेबल सुनील कुमार, श्रीकांत, रजनीश पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
