Nissan Gravite : कम बजट में बड़ा स्पेस
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में किफायती 7-सीटर गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। बढ़ते परिवार, बेहतर स्पेस की जरूरत और बजट में मल्टी-यूटिलिटी व्हीकल की चाह ने इस सेगमेंट को खासा मजबूत बना दिया है। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए निसान ने फरवरी में अपनी नई 7-सीटर कार मीटर एमपीवी ‘ग्रेवाइट’ को लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती इंट्रोडक्ट्री एक्स-शोरूम कीमत 5.65 लाख रुपये रखी गई है, जो इसे एंट्री-लेवल 7-सीटर खरीदारों के लिए आकर्षक विकल्प बनाती है। कंपनी ने दमदार इंजन और प्लेटफॉर्म के साथ नई स्टाइलिंग, बेहतर फीचर्स और उन्नत सुरक्षा पैकेज देकर इसे फैमिली-फ्रेंडली कार के रूप में पेश किया है। ऐसे में कम बजट में 7-सीटर की तलाश कर रहे ग्राहकों के लिए ग्रेवाइट एक व्यावहारिक विकल्प साबित हो सकती है।
वेरिएंट और कीमत
ग्रेवाइट को चार प्रमुख वेरिएंट- VXiA, Acenta, N-Connecta और Tekna में उतारा गया है। ट्रांसमिशन के तौर पर 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी दोनों विकल्प उपलब्ध हैं, जिससे ग्राहक अपनी जरूरत और ड्राइविंग सुविधा के अनुसार चयन कर सकते हैं। कीमत की बात करें तो यह 5.65 लाख रुपये से शुरू होकर लगभग 8.93 लाख रुपये (टेकना लॉन्च एडिशन एएमटी) तक जाती है। कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और डिलीवरी मार्च 2026 से प्रारंभ होने की संभावना जताई जा रही है। निसान की रणनीति स्पष्ट है कि कम कीमत में भरोसेमंद 7-सीटर विकल्प देकर बड़े ग्राहक वर्ग को आकर्षित करना।
एक्सटीरियर : ज्यादा बोल्ड और मस्कुलर
इसकी बेसिक बॉडी शेप ट्राइबर से प्रेरित दिखाई देती है, लेकिन ग्रेवाइट को अलग पहचान देने के लिए कई नए स्टाइलिंग एलिमेंट्स जोड़े गए हैं। फ्रंट फेसिया पर बड़ी हनीकॉम्ब पैटर्न ग्रिल, बोनट पर ‘Gravite’ बैजिंग और स्लिम एलईडी डीआरएल्स इसे आधुनिक और दमदार लुक देते हैं। साइड प्रोफाइल में ऊंची रूफलाइन और सीधा स्टांस इसे ज्यादा स्पेशियस और प्रैक्टिकल दर्शाते हैं। 15-इंच स्टील व्हील्स और रूफ रेल्स इसकी यूटिलिटी अपील को मजबूत बनाते हैं। रियर सेक्शन में रैपअराउंड एलईडी टेललैंप्स, क्रोम स्ट्रिप और सी-शेप्ड सिल्वर एक्सेंट इसे प्रीमियम टच प्रदान करते हैं। रंग विकल्पों की बात करें तो यह ओनिक्स ब्लैक, स्टॉर्म व्हाइट, मेटैलिक ग्रे, ब्लेड सिल्वर और फॉरेस्ट ग्रीन जैसे पांच आकर्षक रंगों में उपलब्ध है।
इंटीरियर : सादगी और उपयोगिता का मेल
ग्रेवाइट का केबिन डिजाइन सादा, लेकिन कार्यात्मक है। डुअल-टोन ब्लैक और बेज थीम के कारण अंदर का माहौल खुला और हवादार महसूस होता है। डैशबोर्ड लेआउट परिचित जरूर है, लेकिन प्रेजेंटेशन में हल्के बदलाव इसे नया रूप देते हैं।
बीच में 8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करता है। इसके नीचे मैनुअल क्लाइमेट कंट्रोल के लिए तीन रोटरी नॉब्स दिए गए हैं, जो उपयोग में सरल हैं।
7-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, पुश-बटन स्टार्ट और कीलेस एंट्री जैसे फीचर इसे आधुनिक स्पर्श देते हैं। सीटों पर लेदरेट फिनिश दी गई है और 8 एसी वेंट्स सुनिश्चित करते हैं कि सभी यात्रियों तक पर्याप्त ठंडी हवा पहुंचे। कुल मिलाकर, इसका इंटीरियर लक्जरी से ज्यादा व्यावहारिकता पर केंद्रित है।
फीचर और सेफ्टी
निसान ने ग्रेवाइट को फीचर्स के मामले में प्रतिस्पर्धी बनाए रखने की कोशिश की है। इसमें क्रूज कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जर और रियर एसी वेंट्स जैसी सुविधाएं मिलती हैं। सुरक्षा के लिहाज से छह एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं, जो इस कीमत में एक महत्वपूर्ण विशेषता है। इसके अलावा एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), रियर पार्किंग कैमरा, पार्किंग सेंसर और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) भी शामिल हैं। सेगमेंट में स्टैंडर्ड छह एयरबैग का मिलना इसे सुरक्षा के मामले में मजबूत दावेदार बनाता है।
इंजन परफॉर्मेंस
ग्रेवाइट में 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 72 पीएस की पावर और 96 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी विकल्पों के साथ उपलब्ध है।
माइलेज की बात करें, तो मैनुअल वर्जन 19.3 किमी/लीटर और एएमटी वर्जन 19.6 किमी/लीटर तक का सर्टिफाइड माइलेज देने का दावा करता है। यह इंजन मुख्य रूप से शहरी उपयोग और परिवारिक ड्राइविंग जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। हालांकि हाईवे पर फुल लोड के साथ इसकी परफॉर्मेंस औसत रह सकती है।
