बिजनौर : मेडिकल परीक्षण कराकर जीजा के साथ लौट रही दुष्कर्म पीड़िता नहर में गिरी, लापता
जीजा का आरोप बाइक सवार युवक ने उसकी बाइक को मारी टक्कर, उछलकर गिरी किशोरी, बुधवार को ही ग्राम प्रधान के पुत्र और भतीजे के खिलाफ दर्ज किया था केस
एसपी ने किया घटनास्थल का मौका मुआयना, पुलिस को जांच के निर्देश, गोताखोरों ने नहर में की तलाश, नहीं मिली पीड़िता, बिहार की किशोरी जीजा के घर रह रही थी
बिजनौर/ शेरकोट। मेडिकल परीक्षण कराकर जीजा के साथ बाइक से घर लौट रही दुष्कर्म पीड़ित किशोरी नहर में गिर गई। उसे तलाशने को गोताखोरों को पानी मे उतारा, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल पाया है। एसपी ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं।
गांव घमासन जिला नालंदा बिहार की रहने वाली किशोरी गांव कदला निवासी दिनेश के घर आई हुई थी। पांच नवंबर 2022 को वह अपनी बहन के साथ बकरियों के लिए चारा लेने जंगल गई थी। दोनों बहनें एक दूसरे से कुछ दूरी पर जंगल में चारा काट रही थीं। तभी ग्राम प्रधान का पुत्र व उसका भतीजा निवासी माहपुर शाहकोट अचानक वहां पहुंचे।
आरोप है कि आरोपी किशोरो की जबरन गन्ने के खेत में ले गए। दोनों ने बारी बारी उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम रहे लोग मौके पर आ गए थे। इसके बाद दोनों आरोपी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए थे। आरोप है कि तभी से पीड़िता न्याय के लिए पुलिस अधिकारियों के पास चक्कर लगा रही थी। लेकिन आरोपियों के रसूखदार होने के चलते उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता ने न्यायालय की शरण लेते हुए आरोपीयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। कोर्ट के आदेश पर बुधवार को पुलिस ने आरोपी यादराम व दलजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
गुरुवार को किशोरी अपने जीजा के साथ बाइक से धामपुर से मेडिकल परीक्षण कराकर घर लौट रही थी। परिजनों ने बताया कि जब वह हरेवली स्थित पोषक नहर के किनारे पहुंची तो सामने से आए एक बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर पीछे बैठी दुष्कर्म पीड़िता उछलकर पोषक नहर में जा गिरी। नहर में बहाव तेज होने के कारण वह पानी में डूब गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को उसकी तलाश के लिए नहर में उतार दिया। देर शाम तक किशोरी का पता नहीं चल पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी दिनेश सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। किशोरी की तलाश के लिए गोताखोर लगे हुए हैं। इस दौरान एसपी दिनेश कुमार सिंह के साथ एएसपी ग्रामीण राम अर्ज, एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ सर्वम सिंह, निरीक्षक अपराध संजीव चौधरी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि इस मामला में एक वर्ष पहले भी कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था, जो झूठा साबित होने पर खारिज हो गया था। इसके बाद किशोरी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया है मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : बिजनौर: कार से दो लोगों को कुचलकर भाजपा नेता फरार, आरोपी पर 25 हजार का इनाम
