IND vs AUS Test Series : रोहित शर्मा का शतक, जडेजा-अक्षर ने जमाए अर्धशतक...भारत को 144 रनों की बढ़त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान अपना पहला टेस्ट शतक जड़ दिया है और यह रोहित के टेस्ट करियर का कुल 9वां शतक है

नागपुर।  भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला मुकाबला नागपुर के जामथा स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (120) के धैर्यवान शतक के बाद रवींद्र जडेजा (66 नाबाद) और अक्षर पटेल (52 नाबाद) के अर्धशतकों के दम पर पहले टेस्ट की पहली पारी में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया पर 144 रन की विशाल बढ़त बना ली। दूसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले भारत ने 321 रन बना लिए और मेजबान टीम के हाथ में अब भी तीन विकेट बाकी हैं। रोहित ने कप्तानी पारी खेलते हुए 212 गेंदों पर 15 चौकों और दो छक्कों की मदद से 120 रन बनाये। इसी के साथ वह खेल के तीनों प्रारूपों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गये।

 

अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेट में रोहित से पहले तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका), फाफ डु प्लेसिस (दक्षिण अफ्रीका) और बाबर आज़म (पाकिस्तान) ऐसा कर चुके हैं। रोहित का विकेट गिरने के बाद विकेटकीपर श्रीकर भरत के रूप में भारत का सातवां विकेट भी 240 रन पर गिर गया। ऑस्ट्रेलिया भारत को छोटी बढ़त पर रोकने की फिराक में था लेकिन जडेजा और अक्षर ने आठवें विकेट के लिये 81 रन की नाबाद साझेदारी करके कंगारुओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिये हालांकि टॉड मर्फी की गेंदबाजी राहत लेकर आयी जिन्होंने विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा सहित पांच बल्लेबाजों को आउट किया। इसके अलावा कप्तान पैट कमिंस और नेथन लायन को भी एक-एक सफलता हासिल हुई।

डेब्यू मैच में मर्फी के पांच विकेट
भारतीय टीम ने 240 रनों पर अपना 7वां विकेट गंवा दिया है। डेब्यू मैच खेल रहे विकेटकीपर श्रीकर भरत आठ रन ही बना सके। उन्हें टॉड मर्फी ने LBW आउट किया। डेब्यू टेस्ट खेल रहे मर्फी ने अपने पांच विकेट पूरे कर लिए हैं।

भारत को छठा झटका, रोहित आउट
टीम इंडिया को 229 रन के स्कोर पर छठा  झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 212 गेंदों पर 120 रनों की शतकीय पारी खेलकर आउट हुए। पैट कमिंस ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। रोहित ने दो छक्के और 15 चौके जमाए। 

रोहित का शतक, भारत के पांच विकेट पर 226 रन
कप्तान रोहित शर्मा के नाबाद 118 रन की मदद से भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन चाय तक पांच विकेट पर 226 रन बनाकर 49 रन की बढत ले ली। चाय के समय रोहित 118 और रविंद्र जडेजा 34 रन बनाकर खेल रहे थे। आस्ट्रेलिया ने पहले दो सत्र में चार विकेट चटकाए। आफ स्पिनर टॉड मरफी ने चार और नाथन लियोन ने एक विकेट लिया। 

टीम इंडिया का स्कोर 200 के पार
टीम इंडिया का स्कोर 5 विकेट पर 200 रनों के पार पहुंच गया है। इस लिहाज से भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर 30 से ज्यादा रनों की बढ़त बना ली है। कप्तान रोहित शर्मा शतक लगाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। रवींद्र जडेजा उनका साथ दे रहे हैं।

रोहित ने जड़ा 9वां टेस्ट शतक
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान अपना पहला टेस्ट शतक जड़ दिया है। यह रोहित के टेस्ट करियर का कुल 9वां शतक है। रोहित ने यह शतक 171 गेंदों में पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 2 छक्के और 14 चौके लगाए। 

विराट कोहली भी आउट
लंच के बाद पहली ही बॉल पर भारतीय टीम ने 151 रनों पर चौथा विकेट गंवाया। चारों विकेट डेब्यू मैच खेल रहे ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी ने लिए। उन्होंने चौथा शिकार विराट कोहली को बनाया। कोहली 12 रनों पर कैच आउट हुए।

भारत के लंच तक तीन विकेट पर 151 रन
पहला टेस्ट खेल रहे आफ स्पिनर टोड मर्फी ने पहले सत्र में दो विकेट चटकाए और पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को लंच तक भारत ने तीन विकेट पर 151 रन बना लिए। अपने कल के स्कोर एक विकेट पर 77 रन से आगे खेलते हुए भारत ने बिना कोई और विकेट गंवाये 100 रन पार किए। टोड मर्फी ने गुरुवार को केएल राहुल को आउट करने के बाद शुक्रवार को रविचंद्रन अश्विन को पवेलियन भेजा। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा (सात) का कीमती विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को मैच में लौटाया। लंच के समय रोहित शर्मा 85 और विराट कोहली 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

अश्विन के बाद पुजारा भी आउट
135 रनों पर भारतीय टीम को तीसरा झटका दिया। केएल राहुल और अश्विन के बाद डेब्यू कर रहे ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी ने चेतेश्वर पुजारा शिकार बनाया। पुजारा 7 रन पर कैच आउट हुए।

टीम इंडिया ने दूसरा विकेट गिरा
दूसरे दिन टीम इंडिया रविचंद्रन अश्विन 23 रन बनाकर आउट हुए।  डेब्यू मैच खेल रहे स्पिनर टॉड मर्फी ने अश्विन को शिकार बनाया। 

बीसीसीआई ट्वीट

भारत और ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11

भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया टीम: डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ,  मैट रेनशॉ, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस, नाथन लियोन, टॉड मर्फी, स्कॉट बोलैंड।

 

ये भी पढ़ें :  IND vs AUS : गेंदबाजी से बेहद खुश हैं Ravindra Jadeja, कहा- एनसीए में 10-12 घंटे अभ्यास से मिली मदद 

 

संबंधित समाचार