Kanpur : हैलो अमृत विचार कार्यक्रम में डॉ. संगीता सेंगर बोलीं- माचिस की तीली और बड्स बढ़ा रहे कानों में समस्या
कानपुर में हैलो अमृत विचार कार्यक्रम में डॉ. संगीता सेंगर ने लोगों के सवालों के दिए जवाब।
कानपुर में हैलो अमृत विचार कार्यक्रम में मेडीहेल्प हास्पिटल की वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. संगीता सेंगर ने लोगों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि वसंत के मौसम को नाक, कान और गले में एलर्जी की मुख्य वजह बताया।
कानपुर, अमृत विचार। कान में खुजली होने पर माचिस की तीली का बिलकुल उपयोग न करें और न ही ईयर बड्स को कान के अंदर तक डालें। ऐसा करना बहुत ही खतरनाक हो सकता है। फरवरी और मार्च के बीच मौसम में तेजी से बदलाव होता है। इस बीच नाक, कान और गले में संक्रमण होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में जरूरी है कि खुद का ध्यान रखें और जरूरी हो तो डॉक्टर की सलाह के बाद ही दवा का सेवन करें। यह बातें, गुरुवार को हैलो अमृत विचार में मेडीहेल्प हास्पिटल की वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. संगीता सेंगर ने लोगों से कही। पढ़ें लोगों के सवाल और डॉक्टर की सलाह के अंश….
• बाएं कान में अक्सर खुजली होती है। डॉक्टर ने ईयर ड्राप दिया था, लेकिन आराम नहीं मिला।- धीरेंद्र वीर सिंह, कानपुर
नहाते समय ध्यान दें कि पानी कान में न जाए। रुई का उपयोग तो बिलकुल न करें। मेडीकेटेड ऑइंटमेंट या मलहम लगाएं सही हो जाएगा। फिर भी कोई दिक्कत लगे तो डॉक्टर को दिखा लें।
• खुजली के बाद कान से खून भी निकल आता है। सुनने की क्षमता भी कम होती जा रही है। उम्र 50 के ऊपर है।- कुलदीप तिवारी, उन्नाव
एक बार दिखा लें। जरूरी नहीं है कि उम्र ज्यादा होने से सुनने की क्षमता कम हो रही हो। जांच कराने की जरूरत है। तभी सही से इलाज हो सकेगा।
• फोन पर लंबी बात करने पर कान में दर्द होता है। फिर ठीक भी हो जाता है। कई महीनों से है। कोई दिक्कत है क्या?– दिलीप अवस्थी, कैंट कानपुर
परेशान होने की बात नहीं है। फोन से बात करने पर कान पर दबाव पड़ता है। जिससे कान में दर्द होता है। कोशिश करें फोन से दूरी बनाकर बात करें।
• मुझे साइनस की दिक्कत है, क्या यह सही नहीं होता है।- दीपक पांडेय, शुक्लागंज
यह किस वजह से हुआ पहले यह जानना जरूरी है। एलर्जी की वजह से यह दिक्कत होती है। सही तरह से दवा लेना जरूरी है तभी यह ठीक हो सकेगा।
• कान में हर हफ्ते गंदगी जम जाती है। माचिस की तीली से साफ करते हैं, कई बार ऑयल भी डालते हैं, लेकिन जलन बनी रहती है।- अनिकेत गुप्ता, उन्नाव
माचिस की तीली या ईयर बड्स बिलकुल भी कान में न डालें। इससे आपको नुकसान हो सकता है। आपकी बीमारी आपकी तीली है। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी ड्रॉप न डालें।
• कान में कम सुनाई देता है। एक महीने से दिक्कत है। शुगर की दवा चल रही है।- सुमित श्रीवास्तव, दामोदर नगर
तुरंत कान की जांच कराएं। कई बार नसों में दिक्कत होने से ऐसी समस्या होती है। जिसका समय से इलाज कराना जरूरी है।
• मुझे सर्दी-खांसी और जुकाम जल्द होता है। बाइक से सफर करने पर दिक्कत बढ़ती है कई बार छाती में दर्द होने लगती है।- धीरज मिश्रा, कल्याणपुर
संभावना है कि आपको एलर्जी है। इसका ट्रीटमेंट जल्द करा लें। कई बार यह सइनस की वजह बन जाती है। प्रॉपर दवा लें कुछ समय बाद आराम हो जाएगा।
• मौसम बदलने पर सर्दी हो जाती है और खांसी बढ़ जाती है। यह समस्या मुझे 2017 से है। फरवरी और मार्च के मौसम में ही दिक्कत होती है।- कार्तिकेय, हर्षनगर
क्योंकि फरवरी और मार्च में मौसम बदलता है। जिसकी वजह से संक्रमण होने की संभावना ज्यादा होती है। लगातार खांसी आने से कई बार दमा की शिकायत होती है। इसको दिखा लें और पूरा इलाज कराएं।
इनका भी आया फोन :::::
सिद्धेश्वर पांडेय आजाद नगर, रमेश काकादेव, अभिषेक गुप्ता उन्नाव, मधुर मिश्रा लखनऊ, अदीब हसन उन्नाव, अजय मिश्रा पनकी, राजेश कुमार फतेहपुर, उमेश फतेहपुर, संगीता पांडेय कानपुर, दीपक यादव कानपुर।
