Kanpur: रावतपुर से मेघदूत चौराहे तक चौड़ा होगा मार्ग, PWD ने किया सर्वे, VIP Road पर वाहनों के कारण लगता जाम
कानपुर में रावतपुर से मेघदूत चौराहे तक मार्ग चौड़ा होगा।
कानपुर में रावतपुर से मेघदूत चौराहे तक मार्ग चौड़ा होगा। पीडब्ल्यूडी ने सर्वे किया। वीआईपी रोड पर वाहनों के दबाव के कारण जाम लगता है।
कानपुर, अमृत विचार। VIP Road पर जाम की समस्या से कुछ हद तक निजात मिलने की संभावना है। प्रशासन इस रोड को चौड़ा करने की योजना बना रहा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने रावतपुर से मेघदूत तक करीब आठ किलो मीटर सड़क का सर्वे भी कर लिया है। करीब सात सौ विद्युत पोल को शिफ्ट कर नाली को पाटकर इस रोड को एक मीटर तक चौड़ा किया जा सकता है।
वीआईपी रोड पर ग्रीन पार्क स्टेडियम, परमट व सरसैया घाट, तहसील, कलेक्ट्रेट, जेल, पुलिस लाइन होने की वजह से काफी ट्रैफिक रहता है। बड़ा चौराहे व आसपास के कुछ स्थानों पर मेट्रो का काम होने की वजह से भी इस रोड पर दबाव बढ़ गया है। रावतपुर से मर्चेंट चैंबर चौराहे तक तो काफी हद तक स्थिति ठीक रहती है, लेकिन उसके बाद वाहनों को रेंगना पड़ता है। कई बार जाम लगने से लोग काफी देर तक फंस जाते हैं।
रविवार को इस रोड पर ट्रैफिक हल्का रहता है इसके अलावा यह रोड हर दिन वाहनों के बोझ से दबी रहती है। इस रोड को चौड़ा करने को लेकर अक्सर मांग उठती रही है, लेकिन प्रशासन तमाम कोशिशों के बाद भी हल नहीं निकल सका। अब प्रशासन पीडब्ल्यूडी के माध्यम से इस रोड को चौड़ा करने का उपाय खोज रहा है। पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता के नेतृत्व रावतपुर से मेघदूत चौराहे तक आठ चरणों मे सर्वे कराया गया। इस दौरान मर्चेन्ट चैंबर से मेघदूत चौराहे तक तीन सौ ज्यादा बिजली के खंभे पाए गए। इन्हें शिफ्ट कर एक मीटर तो दोनों साइड सड़क चौड़ी हो सकती है।
रावतपुर से मेघदूत चौराहे तक करीब आठ किलो मीटर तक का सर्वे किया है। वीआईपी रोड चौड़ा करने को लेकर उपाय खोजा जा रहा है। प्रशासन से निर्देश मिलने के बाद प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।- राकेश यादव, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
