अमरोहा: डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर गिरफ्तार, कई वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
अमरोहा/डिडौली, अमृत विचार। थाना डिडौली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद डकैती की योजना बना रहे अंतर्जनपदीय गिरोह के पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस व घटना में प्रयुक्त गैस कटर आदि उपकरण समेत टाटा कैंटर गाड़ी को बरामद किया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रवेज चौहान ने बताया कि गुरुवार की रात थाना डिडौली पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि हाईवे पर खड़े टाटा कैंटर में बैठे लोग डकैती की योजना बना रहे है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चौधरपुर फ्लाईओवर से बुढ़नपुर की और कच्चे रास्ते पर फैक्ट्री के पास कैंटर में सवार डकैती की योजना बना रहे संदिग्ध लोगों को घेर लिया।
मौके पर पुलिस ने आरोपियों को चेतावनी देते हुए आत्मसमर्पण के लिए कहा। जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायर कर दिए। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पांच आरोपी सलीम निवासी इस्लामनगर भूड़ थाना खतौली जनपद मुजफ्फरनगर, अर्जुन निवासी गांव बहलना थाना कोतवाली जनपद मुजफ्फरनगर, आस मोहम्मद निवासी थाना सरधना जनपद मेरठ, मेहताब निवासी अशोक विहार थाना लोनी जनपद गाजियाबाद व प्रमोद ग्राम फफूंडा निवासी गांव थाना मुंडाली जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस, अलमारी तोड़ने के उपकरण, गैस कटर छोटा, एलपीजी गैस सिलेंडर, लोहे के तार काटने का कटर, गैस कटर के दो पाइप और टाटा कैंटर गाड़ी को बरामद किया। गाड़ी के कागजात न दिखाने पर गाड़ी को सीज कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर अपराधी हैं। जो कि डकैती, लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। अर्जुन पर डकैती, लूट, चोरी आदि से संबंधित 16 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी सलीम के खिलाफ लूट, चोरी के नौ मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- अमरोहा: छेड़छाड़ के आठ साल पुराने मामले में आया फैसला, दोषी को चार साल की सजा
