हल्द्वानीः भवन कर जमा न करने वालों पर नगर निगम ने कसा शिकंजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में बीते दो से तीन वर्षों से गृहकर जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निगम ने दो हजार से अधिक भवन स्वामियों को बकाया गृहकर जमा नहीं करने पर नोटिस जारी किया है।  

शहर में वर्तमान में कुल 26 हजार गृह करदाता हैं। इनमें से 17 हजार करदाताओं ने समय पर गृहकर जमा नहीं किया है। इस मुद्दे को अमृत विचार ने 30 जनवरी के अंक में प्रमुखता से उठाया था। जिसका संज्ञान लेते हुए नगर निगम ने दो हजार से अधिक करदाताओं को शीघ्र हाउस टैक्स जमा करने के लिए नोटिस जारी किए हैं। अगर, इसके बाद भी भवन कर नहीं अदा किया गया तो आगे आरसी काटने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम क्षेत्र में अधिकांश गृहस्वामी लंबे समय से गृहकर नहीं जमा कर रहे हैं। जिसके चलते अधिकांश लोगों पर लाखों रुपये का भवन कर बकाया है। करीब 60 लाख रुपये से अधिक का गृहकर बकाया है। कर जमा न करने वाले भवन स्वामियों को कई बार नोटिस दिया गया लेकिन उन्होंने कर जमा करने की जहमत नहीं उठाई। नगर निगम की ओर से इन सभी को अब अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है।

सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट ने बताया कि दो हजार से अधिक गृहस्वामियों को शीघ्र कर अदा करने के लिए नोटिस दिया गया है। उन सभी को सात दिन की मोहलत दी गई है।

संबंधित समाचार