Banda Crime : धमकी से परेशान होकर युवक ने की थी महिला की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में महिला की हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

बांदा में धौंस-धमकी से परेशान होकर युवक ने महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बांदा, अमृत विचार। महिला की धौंस-धमकी से परेशान युवक ने खेत में ही महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव के दोनों हाथ उसी की साड़ी से बांधकर फरार हो गये। पुलिस ने 36 घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी का कहना था कि महिला उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। इसी के चलते उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया। 

तिंदवारी थाना क्षेत्र के बछेउरा गांव निवासी सुशीला (35) पत्नी अजय वर्मा आठ फरवरी की शाम खेत की तरफ शौच करने के लिए गई थी। इसके बाद फिर वह घर नहीं लौटी। परिजन उसकी खोजबीन करने में लगे रहे, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार की शाम उसका शव खेत से बरामद किया गया। उसके दोनो हाथ साड़ी से बंधे हुए थे। पुलिस ने शव बरामद करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस इस मामले का खुलासा करने के लिए जांच पड़ताल में जुटी हुई थी।

रविवार को पुलिस ने गश्त के दौरान आरोपी मुकेश पुत्र जियालाल निवासी बछेउरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछतांछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि आरोपी 18 जनवरी को गांव के ही सरकारी स्कूल में पानी पीने गया हुआ था। इस दौरान उसने मृतका को एक व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। वह व्यक्ति तो दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया था।

मृतका महिला आरोपी मुकेश से पांच हजार रुपए की मांग कर रही थी। कह रही थी कि अगर नहीं दोगे तो वह उसे झूठे मुकदमे में फंसा देगी। आरोपी के पास रुपए नहीं थे। महिला की बातों से वह खासा पीड़ित था। आठ फरवरी की शाम महिला शौच के लिए खेत आई थी। महिला को देखकर आरोपी भी उसके पास पहुंच गया। महिला ने फिर दोबारा उससे रुपयों की मांग की। इस पर उसने मना कर दिया। इस पर आरोपी ने महिला को एक तमाचा मार दिया, जिससे वह खेत में गिर गई।

आरोपी ने महिला की ही साड़ी से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और दोनो हाथ साड़ी से बांधकर फरार हो गया। गांव में यह अफवाह फैला दी थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए थे और महिला को गाली-गलौज कर रहे थे। पुलिस ने घटना के 36 घंटे बाद खुलासा कर दिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल कन्हैयालाल, कांस्टेबल अजय यादव, कांस्टेबल अखिलेश यादव आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार