अयोध्या: उद्योग बंधु की बैठक के साथ निवेश कुंभ का समापन
डीएम ने दिया प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए कमेटी गठन का निर्देश
अयोध्या, अमृत विचार। मंडलायुक्त कार्यालय के गांधी सभागार में आयोजित तीन दिवसीय जनपद स्तरीय निवेश कुंभ का रविवार को उद्योग बंधु की बैठक के साथ समापन हुआ। इसके पूर्व उद्यमियों व अधिकारियों ने लखनऊ में आयोजित निवेश कुंभ के समापन कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और राष्ट्रपति के उद्बोधन को सुना। जिलाधिकारी ने जिले में मिले निवेश के प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए कमेटियों के गठन का निर्देश दिया है।
सभागार भवन में आयोजित जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि 266 निवेशकों की ओर से 49174.07 करोड़ के प्रस्ताव मिले हैं। इनको धरातल पर उतारने के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया जाए। जिला प्रशासन निवेश की राह में आने वाली सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक माह के द्वितीय और चतुर्थ गुरुवार को अधिकारियों व निवेशकों की विशेष बैठक होगी।
बैठक में आईआईए अध्यक्ष की ओर से कहा गया कि मुमताजनगर औद्योगिक क्षेत्र में एक पखवाड़े से हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट आधी जल रही है। यूपी एसआईडीसी अथवा विभाग के ठेकेदार कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। छह माह बीत जाने के बावजूद आईआईए कार्यालय के भूमि की कोई स्वीकृति नहीं मिली। जबकि यूपीएसआईडीसी की ओर से प्रस्ताव मुख्यालय को भेजवाया गया था। देय तिथि के बाद विद्युत बिल जमा करने के बाद भी पोर्टल पर नहीं दिखता और बकाए में तत्काल बिजली कनेक्शन काट दिया जाता है। जबकि उद्यमी की 10 गुना जमानत धनराशि पहले से जमा है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिता यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एके शर्मा, उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक डॉ. एमके मौर्य व केके सिंह, आईआईए जिलाध्यक्ष एसपी सिंह व लघु उद्योग भारती जिलाध्यक्ष अविनाश चंद्रा समेत अन्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: स्वास्थ्य मेले में हुआ 1341 मरीजों का उपचार, अधिकारियों ने परखी व्यवस्था
