Kanpur News : डिप्टी पड़ाव चौराहा पर जाम का होगा काम तमाम, पांच मीटर तक बढ़ाई जाएगी चौड़ाई
कानपुर में डिप्टी पड़ाव चौराहा पर जाम होगा खत्म।
कानपुर में डिप्टी पड़ाव चौराहा पर जाम का काम तमाम होगा। काफी व्यस्ततम चौराहों में से एक डिप्टी पड़ाव चौराहा है। पांच मीटर तक चौड़ाई बढ़ाई जा सकती है।
कानपुर, अमृत विचार। शहर के डिप्टी पड़ाव चौराहे पर लोगों को जाम से जल्द ही निजात मिल सकती है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा। लोक निर्माण विभाग जल्द ही इस चौराहे को चौड़ा करने की तैयारी में है। इसको खूबसूरत बनाने को लेकर भी प्रस्ताव तैयार किया गया है। विभाग ने करीब पौने दो करोड़ का प्रस्तान तैयार कर शासन को भेज दिया है, जहां से स्वीकृति मिलने के बाद आगे का कार्य शुरू हो जाएगा।
इस चौराहे से पांच मार्ग जुड़े हैं। इसमें बांसमंडी, घंटाघर, अफीम कोठी, टिकुनिया पुरवा और जरीब चौकी है। इन पांचों ही मार्गों से काफी संख्या में लोग आते हैं। पीडब्ल्यूडी के सर्वे के अनुसार इस चौराहे से एक दिन में औसतन दो लाख वाहन गुजरते हैं। इसमें पब्लिक ट्रांसपोर्ट के अलावा निजी दो व चार पहिया वाहन शामिल हैं। जबकि पैदल राहगीर भी काफी संख्या में प्रतिदिन इस चौराहे को पार करते हैं। कई बार इस चौराहे पर जाम लगे हैं।
इसकी वजह चौराहे का कम चौड़ा होना है। वाहनों को ज्यादा दबाव होने की वजह से चौराहे पर कई बार लोगों के साथ दुर्घटना भी हुई है। इसी वजह से इस चौराहे को चौड़ा करने के लिए लोग जन प्रतिनिधियों से भी मिले थे। लोगों की समस्या को ध्यान मे रखते हुए सांसद सत्यदेव पचौरी और विधायक इरफान सोलंकी ने भी लोक निर्माण विभाग से इस चौराहे को चौड़ा किए जाने को लेकर प्रस्ताव भेजा था। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से चौराहे को चौड़ा किए जाने को लेकर सर्वे किया गया और 1.67 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
