बरेली: फार्म भरने की तिथि समाप्त, जल्द जारी होगा परीक्षा कार्यक्रम
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों के विषम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म रविवार रात तक भरे गए। छात्र सोमवार तक ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं। अब विश्वविद्यालय जल्द ही परीक्षा कार्यक्रम घोषित करेगा। हालांकि कुछ छात्र अभी भी फार्म नहीं भर सके हैं, जबकि विश्वविद्यालय पूर्व में ही एक बार तिथि विस्तारित कर चुका है।
विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीटेक, बीफार्मा, एमबीए, एमसीए, एमएससी, एमए, होटल मैनेजमेंट आदि के विषम सेमेस्टर के संस्थागत, भूतपूर्व, बैक परीक्षा 2023 के फार्म 24 जनवरी से भरे जा रहे हैं। विश्वविद्यालय ने 6 फरवरी से तिथि विस्तारित की थी। इसके तहत छात्रों को 12 फरवरी तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने थे और 13 फरवरी तक ऑनलाइन शुल्क जमा करना था। छात्रों को 14 फरवरी तक भरे हुए आवेदन संबंधित विभाग में जमा करने होंगे और विभाग को ऑनलाइन आवेदन सत्यापित करने होंगे।
दो दिन बाद शुरू हो रहीं बीएससी और एमएससी कृषि की परीक्षाएं
विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित बीएससी और बीएससी ऑनर्स कृषि और एमएससी कृषि की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं की तैयारियां कर ली हैं। इसके बाद 21 फरवरी से सुधार परीक्षाएं शुरू होंगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: फर्जी कंपनी ने एफडी जमा कराने के नाम पर हड़पे 87 लाख, रिपोर्ट दर्ज
