Kanpur : CM Yogi Adityanath से गुहार लगाने पर कब्र से निकाला गया शव, सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला था
कानपुर में कब्र से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ में बेटे की मौत के बाद मां ने सीएम योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई। तब शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कानपुर, अमृत विचार। बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ में रहने वाली मां रौशन जहा ने अपने बेटे वसीम मोहम्मद की मौत के मामले में मुख्यमंत्री पोर्टल और पिता सईद मोह्हमद ने जिलाधिकारी कानपुर से शिकायत की। इस पर उनके बेटे की मौत की असली वजह जानने के लिए शव को कब्र से निकालने और पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। सोमवार दोपहर भारी पुलिस बल और एसीएम तृतीय जी एन सरोज और एसीपी कल्याणपुर विकास कुमार पांडेय, बिठूर चौबेपुर मंधना पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सईद मोहम्मद का बड़ा बेटा वसीम मोहम्मद 30 जनवरी को पत्नी शहनाज के साथ बाइक से विवाह समारोह में शामिल होने लड़ुआपुर डेरापुर कानपुर देहात गया था। जानकारी के मुताबिक़ शाम को घर वापस लौटते समय चौबेपुर थाना क्षेत्र के विरोहा गांव के पास वसीम घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला, जबकि पत्नी शहनाज अर्धबेहोश मिली थी। ग्रामीणों ने आवारा पशु से बाइक टकराने से अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका जताई थी।
वहीं, पत्नी शहनाज ने वसीम की गले पर कटे का निशान बताया था। इलाज के लिए शहर ले जाते समय वसीम ने दम तोड़ दिया था। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराये शव को दफन कर दिया था। सोमवार को जब कब्र से भारी पुलिस बल के बीच शव को निकाला गया। तब परिजन फूट फूट कर रोने लगे। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया की एसीएम की मौजूदगी में शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
