संभल: गंगा घाटों का रुख करने लगे कांवड़िये, बढ़ी सुरक्षा
जिले से ब्रजघाट और हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लाने हो रहे रवाना, मुख्य मार्गों पर ट्रैक्टर ट्रालियों और अन्य वाहनों में गुजर रहे कांवड़िये, कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन चौकन्ना, संभल के चौधरी सराय चौराहे पर की गई बैरिकेडिंग
संभल, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से कांवड़िये गंगाघाटों का रुख करने लगे हैं। पुलिस प्रशासन भी कांवड़ियों का आवागमन शुरू होने को लेकर चौकन्ना हो गया। कांवड़ियों के मार्गों और प्रमुख चौराहों पर निगरानी के साथ ही सुरक्षा के इंतमाज किए गए हैं।
महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ का जलाभिषेक करने का बड़ा महत्व है। इसी महत्व को लेकर संभल जिले से कांवड़ियों के जत्थे ब्रजघाट, हरिद्वार आदि गंगाघाटों का रुख कर रहे हैं। कांवड़िये ट्रैक्टर ट्राली और दूसरे वाहनों से गंगाघाटों की तरफ बढ़ रहे हैं। गंगाघाटों से कांवड़ में गंगाजल लेकर लौटने के बाद महाशिवरात्रि के मौके पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाना है। जलाभिषेक के मद्देनजर शिवालयों की रंगाई, पुताई और सफाई का काम भी तेजी से चल रहा है।
संभल के सूर्यकुंड मंदिर, सिद्धपीठ श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, फत्तेहपुर भाऊ के प्रकटेश्वर महादेव मंदिर, गुमसानी के झारखंडी महादेव मंदिर, बहजोई के सादातबाड़ी शिव मंदिर के अलावा दूसरे मंदिरों पर भी महाशिवरात्रि पर कांवड़ियों के अलावा भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। कई मंदिरों पर मेले का आयोजन भी होगा। इसीलिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा इंतजामों का खाका भी खींच लिया है। कांवड़ियों के मार्गों पर भी गश्त बढ़ा दी गई है। इतना ही नहीं, निगरानी भी रखी जा रही है। सोमवार को बबराला में राजघाट गंगा तट पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने एसडीएम संदीप वर्मा व सीओ आलोक सिद्धू पहुंचे।
चौधरी सराय में की गई बैरिकेडिंग
संभल। ब्रजघाट और हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संभल शहर में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। चौधरी सराय चौराहे पर बीच में बैरिकेडिंग कराई गई है। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि कांवड़ियों को चौराहे से निकलने में कोई परेशानी नहीं हो। जिले के अन्य प्वाइंटों पर भी बैरिकेडिंग करते हुए कांवड़ियों को सुरक्षित निकालने का प्लान बना है।
ये भी पढ़ें:- संभल: पंचायत में प्रेमिका से निकाह का वादा कर परिजनों सहित प्रेमी फरार
