संभल: पंचायत में प्रेमिका से निकाह का वादा कर परिजनों सहित प्रेमी फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। थाना नखासा क्षेत्र के एक मोहल्ले में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। प्रेमिका के परिजन शादी को तैयार नहीं हुए तो युवक प्रेमिका की शादी में बाधक बन गया। जहां से भी युवती का रिश्ता तय होता युवक होने वाले मंगेतर को अपने प्रेम का किस्सा सुनाकर रिश्ता तुड़वा देता था। परिजनों ने पंचायत बैठाई तो प्रेमी युवक के साथ युवती के निकाह की बात तय हो गई। इसके बाद प्रेमी युवक परिजनों सहित घर से फरार हो गया।

थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक का पड़ोस में ही रहने वाली युवती के साथ पिछले तीन वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों को पता चला तो उन्होंने पाबंदी लगाकर उसकी शादी की तैयारी शुरू कर दी। युवती का पिता जहां भी बेटी का रिश्ता तय करके आता, होने वाले मंगेतर को फोन कर प्रेमी युवक युवती से अपने प्रेम का किस्सा सुना देता।

इसके साथ ही वह बरात लेकर आने पर जान से मार देने की धमकी भी देता। इस तरह प्रेमी युवक ने तीन रिश्ते तुड़वा दिए। जब हद हो गई तो रविवार को युवती की मां ने पुलिस में शिकायत की तो युवक के परिजनों ने आपस में मामला सुलझा लेने की बात पुलिस से कही। शाम को इस मामले को लेकर पंचायत बैठी। पंचायत में प्रेमी युवक ने युवती से प्रेम करने की बात कबूल करते हुए कहा कि वह किसी दूसरे से उसकी शादी बर्दाश्त नहीं कर पाएगा। युवक ने कहा कि वह युवती से निकाह को तैयार है। युवक के परिजनों ने भी रिश्ते को कबूल कर लिया।  

पीड़िता की मां ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
संभल। पंचायत में युवक ने युवती से निकाह करने की बात कही तो युवती के परिजन बेफिक्र हो गए। इसके बाद सोमवार को दिन निकलते ही प्रेमी युवक अपने पिता व अन्य परिजनों के साथ घर से गायब हो गया। इसके बाद सोमवार दोपहर को मां अपनी बेटी के साथ थाना नखासा पहुंची और पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई।

ये भी पढ़ें:- संभल: बिजली मीटर में लगी आग, बाइक सहित दो लाख का सामान जलकर राख

संबंधित समाचार