Kanpur में लुटेरों के हौसले बुलंद, परीक्षार्थी को चाकू दिखाकर लूटने के बाद चलती ऑटो से फेंका
कानपुर में परीक्षार्थी को लूट के बा चलती ऑटो से फेंक दिया।
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में लुटेरों ने परीक्षार्थी को चाकू दिखाकर लूटपाट करने के बाद उसे ऑटो से फेंक दिया। आरोपी ने परीक्षार्थी को होटल दिलाने का झांसा देकर घटना को अंजाम दिया।
कानपुर, अमृत विचार। शहर के थानाक्षेत्रों में आए दिन हो रही लूट की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। आए दिन हो रही घटनाओं से पुलिसिया गश्त की पोल खुलती नजर आ रही है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से उनके हौंसले बुलंद है। एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एसएससी की परीक्षा देने पहुंची छात्रा को बदमाशों ने चाकू दिखाकर लूटा। इसके बाद चलती ऑटो से फेंक दिया। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस लूट करने वाले ऑटो चालक की तलाश में जुटी है।
ककवन थाना क्षेत्र के मुनौवरपुर गांव में रहने वाली छात्रा माया ने पुलिस को बताया कि सोमवार को रावतपुर स्थित सेंटर में एसएससी की परीक्षा थी। इसके लिए वह अपने घर से रविवार शाम को ही कल्याणपुर गुरुदेव पैलेस मेट्रो स्टेशन के पास उतर गई और मोबाइल में गूगल की मदद से होटल सर्च कर रही थी। इसी दौरान वहां एक ऑटो चालक पहुंचा और जाने के लिए पूछा।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह आसपास ही होटल में रूम की तलाश कर रही थी। ऑटो चालक ने पास के होटल में रूम दिलाने का झांसा देकर ऑटो में बैठा लिया। इसके बाद छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी के पास सुनसान जगह देकर ऑटो रोका और गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारे और गर्दन में चाकू लगाकर बैग छीन लिया। विरोध करने पर बेरहमी से पीटा और जान से मारने का भी प्रयास किया।
इसके बाद चालक ने ऑटो भगा ली। विरोध करने पर आरोपी ने उसे चलती ऑटो से धक्का मार दिया। आरोपी उसका बैग लेकर भाग निकला। छात्रा ने बताया कि बैग में 5 हजार रुपये, एडमिट कार्ड रखा हुआ था। लूट के बाद वह अपनी परीक्षा भी नहीं दे सकी और उसे घर लौटना पड़ा। इस मामले में कल्याणपुर एसीपी विकास कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराकर मामले की जांच की जा रही है।
ऑटो चालक बना रहे शिकार
इस वारदात से पहले भी कल्याणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत कई लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। यूनिवर्सिटी के बगल से मकड़ीखेड़ा को जाने वाली सुनसान सड़क पर कुछ माह पहले मुंबई से कानपुर आई कपड़ा व्यापारी दो महिलाओं को ऑटो चालक ने अपने साथी की मदद से लूट लिया था। वहीं सुल्तानपुर से कानपुर परीक्षा देने आए विनय नाम के युवक को भी ऑटो चालक ने इसी गली में लाकर लूटा था। अब ऑटो चालक ने छात्रा को लूट का शिकार बनाया है।
