संभल : जन्म देने के बाद नाली में फेंका नवजात, स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भेजा जिला अस्पताल
संभल/सौंधन, अमृत विचार। कैला देवी थाना क्षेत्र में नाली में नवजात पड़ा मिला। युवक नवजात को उठाकर घर ले गया तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने नवजात को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। नाली में नवजात मिलने से कई तरह की चर्चा ही।
कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव खिरनी निवासी ऋषभ सोमवार सुबह करीब सात बजे सार्वजनिक शौचालय के लिए निकला। जैसे ही वह मोहल्ले में ही नाली के पास पहुंचा तो नवजात के रोने की आवाज सुनी। युवक ने पास जाकर देखा तो नवजात नजर आया। युवक नवजात को नाली से उठाकर घर ले गया। नाली में शिशु मिलने की खबर गांव में फैल गई। युवक के घर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस युवक और नवजात को लेकर थाने पहुंची। जहां से नवजात को जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सक ने नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वस्थ बताया। वहीं नाली में नवजात मिलने को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने चर्चा शुरू कर दी कि किसी बिन ब्याही मां ने शिशु को जन्म दिया और समाज के डर के कारण नाली में फेंक दिया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : आजम खान और अब्दुल्ला आजम दोषी करार, एमपी एमएलए कोर्ट ने सुनाया फैसला
