बिजनौर: पुलिस चौकी में अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत, एसपी ने दो सिपाही को किया निलंबित
मृतक के आत्महत्या करने की चर्चा लेकिन पुलिस दिल के दौरे से मौत होना बता रही
धामपुर(बिजनौर), अमृत विचार। पुलिस चौकी मानपुर शिवपुरी पर पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में एसपी बिजनौर ने लापरवाही के आरोप में दो सिपाहियों को निलंबित किया है। मृतक के आत्महत्या करने की चर्चा है, वहीं पुलिस दिल के दौरे के चलते मौत होना बता रही है।
थाना चांदपुर क्षेत्र के ग्राम सैंदवार निवासी 45 वर्षीय राजीव की शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व थाना धामपुर क्षेत्र के गांव दौलतपुर सुकखा निवासी जसवंत की बेटी के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से राजीव ससुराल में रहने लगा था। वह शराब पीने का आदी था। अक्सर शराब पीकर बीबी, बच्चों से मारपीट करता था। परिवार की शिकायत पर रविवार शाम राजीव को पूछताछ के लिए मानपुर शिवपुरी पुलिस चौकी पर बुलाया गया था। जहां उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। चर्चा है कि चौकी के जिस कमरे में उसे बैठाया गया था।
वहां उसने फंदा लगा लिया। सूचना पर एसपी बिजनौर दिनेश सिंह व एसडीएम मनोज कुमार ने सीओ धामपुर व प्रभारी निरीक्षक माधो सिंह बिष्ट की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक माधो सिंह बिष्ट ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर राजीव को मानपुर शिवपुरी चौकी पर पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया था, लेकिन उसकी मौत हो गई। एसपी बिजनौर दिनेश सिंह ने लापरवाही के आरोप में पुलिस चौकी पर तैनात आरक्षी विवेक व सचिन को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: दलित छात्र ने प्रधानाचार्य पर लगाया मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप
