कानपुर देहात में मां-बेटी की मौत को लेकर परशुराम सभा ने उठाई आवाज, कड़ी कार्रवाई की मांग  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालगंज/ रायबरेली, अमृत विचार। कानपुर देहात के मड़ौली गांव में प्रशासन के द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर की गई बर्बरता की श्री परशुराम महासभा उत्तर प्रदेश जोरदार निंदा करती है। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील शुक्ला और महामंत्री अशोक शुक्ला एडवोकेट ने कहा कि एक बिस्वा जमीन को खाली कराने के लिए प्रशासन ने मां बेटी को बाहर निकालना उचित नहीं समझा और बुलडोजर से झोपड़ी गिरा दी और उसी दरम्यान झोपड़ी में लगी आग से मां बेटी की जलकर मौत हो गई। निश्चित रूप से तहसील और पुलिस प्रशासन के द्वारा की गई बर्बरता की कार्यवाही अंग्रेजी हुकूमत की याद दिलाती है। जब अंग्रेज सरेआम हिंदुस्तानियों को जलाकर मार डालते थे। 

सुशील शुक्ला ने कहा कि आखिरकार जमीन आबादी की थी। उस पर अन्य तरह की भी प्रशासन कार्यवाही कर सकता था जिससे कम से कम जनहानि तो ना होती। बताते चलें कि कानपुर देहात के मैथा तहसील के मड़ौली गांव में कृष्ण कुमार दीक्षित अपनी पत्नी प्रमिला दीक्षित, पुत्री नेहा दीक्षित और  पुत्र शिवम दिक्षित के साथ खरपतवार की झोपड़ी बनाकर किसी तरह गुजर बसर कर रहे थे । गांव के कुछ लोगों के द्वारा आबादी की जमीन पर कब्जा कर झोपड़ी बनाने की शिकायत तहसील प्रशासन से की गई जिस पर एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद कोतवाल दिनेश गौतम मय तहसीलदार लेखपाल के मौके पर पहुंचे और बुलडोजर से मंदिर ,नल सहित झोपड़ी गिरा दिया। उसी दरमियान झोपड़ी में आग लग गई और प्रमिला दीक्षित व नेहा दीक्षित की जलकर मौत हो गई। 

कृष्ण कुमार के पुत्र शिवम दीक्षित का यह भी कहना है कि प्रशासन ने खुद झोपड़ी में आग लगाई है और उसे भी आग में झोंकने का प्रयास कर रहे थे। उसके पिता भी झुलस गए हैं। मामले की सूचना मिलते ही राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला मौके पर पहुंची और उन्होंने भी घटना की जोरदार निंदा की ।साथ ही कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी लेकिन जहां एसडीएम, तहसीलदार ,लेखपाल और कोतवाल के खिलाफ एफ आई आर दर्ज हुई हो वहां न्याय की कैसे उम्मीद की जा सकती है। 

श्री परशुराम महासभा मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग करती है और उत्तर प्रदेश सरकार से यह भी मांग करती है कि इस तरह के निरंकुश अधिकारियों को जेल भेजने के साथ-साथ बर्खास्त किया जाए जिससे भविष्य में मां बेटी की जलने जैसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो। श्री परशुराम महासभा कृष्ण कुमार दीक्षित के परिवार को 5 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता और मकान बनाने के लिए जमीन देने की भी मांग करती है।

ये भी पढ़ें - 

संबंधित समाचार