Unnao: कलेक्ट्रेट में युवक ने आग लगाकर आत्मदाह का किया प्रयास, भ्रष्टाचार की शिकायत पर सुनवाई न होने से था परेशान
उन्नाव में युवक ने कलेक्ट्रेट में आग लगाकर आत्मदाह का किया प्रयास
उन्नाव में भ्रष्टाचार की शिकायत पर सुनवाई न होने से आहत युवक ने कलेक्ट्रेट में आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के कलक्ट्रेट में एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया हालांकि आग लगाने से पूर्व ही पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उसका आरोप है कि ग्राम पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत कई दफा अधिकारियों से करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उसी से आहत होकर उसने यह कमद उठाया है। डीएम आफिस में युवक के खुद पर पेट्रोल डाल लेने की घटना से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा रहा।
उन्नाव के मियागंज ब्लाक के ग्राम अहरा हड़िया के रहने वाला मुकेश रावत मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचा जहां उसने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। इससे पहले की वह खुद को आग लगाता वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। आनन फानन उसे जिला अस्पताल ले गए जहां उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। सूचना पर चौकी इंचार्ज अस्पताल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आत्मदाह की सूचना पर कलेक्ट्रेट परिसर के अधिकारियों में हड़कंप मच।
अस्पताल में पीड़ित ने बताया कि उसकी ग्राम पंचायत में 10 लाख रुपए से अधिक सरकारी धन का बंदरबांट किया गया है इसको लेकर उसने डीएम से मिलकर कई बार शिकायती पत्र दिया और जांच कराने की मांग की उच्चाधिकारियों द्वारा ब्लाक के ही बीडीओ को जांच सौंप दी गई। बीडीओ ने मिलीभगत कर कोई कार्यवाही नहीं की।
आरोप लगाया कि गांव में फर्जी विकास कार्य दिखा कर सरकारी धन का दुरूपयोग किया गया। डस्टबिन के नाम पर दो लाख का बजट जारी हुआ लेकिन गांव में कोई डस्टबिन नहीं लगाई गई। सोलर पैनल, कूड़ा गाड़ी, सामुदायिक भवन हमीरपुर में हो रहे निर्माण कार्य मे धांधली हुई है। बावजूद कोई कार्यवाही नही हुई। इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी डॉक्टर ब्रजकिशोर ने बताया हालत सामान्य है उपचार किया जा रहा है।
