हल्द्वानी: साहब…प्रापर्टी डीलर ने रुपया ले लिया जमीन दे रहा न रुपया
हल्द्वानी, अमृत विचार। आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को मिनी स्टेडियम रोड स्थित शिविर कार्यालय जनता दरबार लगाकर जन समस्याएं सुनीं।
जनता दरबार में गीता नेगी निवासी कमलुवागांजा ने आयुक्त रावत को बताया कि उन्होंने दीपक वोरा पुत्र हीरा सिंह वोरा निवासी कमलुवागांजा से 900 वर्ग फिट प्लॉट क्रय किया था। उन्होंने दीपक को 7.80 लाख का भुगतान चेक व कैश दिए थे।
अभी तक दीपक ने प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं की और रुपया वापस नहीं किया। दीपक ने रुपया लेना कबूल किया। इस पर आयुक्त ने दीपक को एक सप्ताह में रुपया लौटाने वरना फ्रॉड-लैंड एक्ट में एफआईआर दर्ज करने की हिदायत दी।
कमला पंत निवासी मधुवन कॉलोनी ने आवासीय भवन के निकट 11 केवी विद्युत लाईन की शिफ्टिंग का अनुरोध किया। इस पर ईई डीडी पांगती ने बताया कि उक्त कार्य में 1.21 लाख रुपये का एस्टीमेट बना है। जब शिकायतकर्ता इस धनराशि को जमा कर देंगी तब लाइन शिफ्ट कर दी जाएगी।
जाहिद हुसैन निवासी पाकीजा कॉलोनी काशीपुर ने प्लॉट व अर्द्धनिर्मित भवन पर कब्जा दिलवाने क लिए आयुक्त रावत का आभार जताया। इस दौरान विधायक बंशीधर भगत, तहसीलदार संजय कुमार, लोनिवि ईई अशोक कुमार, अंकित वोरा आदि मौजूद थे।
निर्धारित समय में पूरा करें जलजीवन मिशन के कार्य
आयुक्त रावत ने जलजीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जेजेएम में कार्यों के लंबित होने पर कड़ी नाराजगी जताई। ईई ने बताया कि कालाढूंगी विधानसभा में होने वाले जलजीवन मिशन कार्यों के अभिलेख अधीक्षण अभियंता एवं महाप्रबंधक स्तर पर लंबित हैं।
आयुक्त ने कहा कि जनपद में जलजीवन मिशन के कार्यों मे कोताही नहीं बरती जाए। यदि कोई लापरवाही करता है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
फ्लाईओवर से 200 दुकानें हो रही हैं प्रभावित
लालकुआं के व्यापारियों ने गौला रोड पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर से हो रहे नुकसान से बचाने की गुहार लगाई। उन्होंने आयुक्त को बताया कि लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग के स्थान पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर को दुकानों की दीवार के बजाय पिलर्सपर खड़ा किया जाए ताकि 200 दुकानें प्रभावित हो सकी।
इस पर ईई अशोक कुमार ने बताया कि सर्वे के बाद नक्शा बनाकर केंद्र सरकार को भेज दिया है। यदि दोबारा सर्वे का पत्र आएगा तो पिलर्स का नक्शा बनाकर फिर से केंद्र को भेजा जाएगा।
आयुक्त ने ईई को निर्देश दिए कि इस तरह कार्ययोजना बनाई जाए ताकि व्यापारियों को नुकसान से बचाया जा सके। अगली बार यदि कोई सर्वे हो तो व्यापार मंडल को विश्वास में लिया जाए। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, हरीश बिसौती, शेखर जोशी, राधेश्याम यादव, संजय जोशी, प्रेमनाथ पंडित आदि मौजूद थे।
