Valentine's Day: तकरार को किया दरकिनार, दिल खोल कर लुटाया प्यार
फिर मिले दिल, मिटे शिकवे, किया साथ रहने का वादा
हरदोई, अमृत विचार। वेलेंनटाइन वीक के सात दिन 51 जोड़ों के लिए यादगार साबित हुए हैं। नाराज़गी में हमेशा के लिए एक-दूसरे का साथ छोड़ने का इरादा लेकर कोर्ट में आए जोड़ों ने जज के सामने ही प्यार की तहरीर लिख डाली है। उनके बीच के गिले-शिकवे मिटे तो साथ जीने का वादा दोहराते हुए खुशी-खुशी एक साथ घर लौट गए।
प्यार का सप्ताह यानी 7 फरवरी से 14 फरवरी के बीच प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय में 20, सिविल जज जूनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक कोर्ट महिला) में सात, फैमिली कोर्ट प्रथम में 17 और फैमिली कोर्ट द्वितीय में सात जोड़ों ने फिर से साथ रहने के लिए सहमति दे दी है। छोटे-मोटे विवाद और मन-मुटाव की वजह से यह सभी जोड़े संबंध विच्छेद के लिए कोर्ट की दहलीज तक पहुंच गए थे। वेलेंनटाइन वीक की वजह से फिजाओं में घुली मोहब्बत ने इनके दिलों में भी प्यार घोल दिया।
प्यार पर कुर्बान हुआ प्यार
वेलेंनटाइन वीक में पार्टनर से बढ़ी हुई अपेक्षाएं पूरी न होने पर कई प्यार करने वालों ने दुनिया ही छोड़ दी। जिले में इस सप्ताह फांसी लगाकर और जहर खाकर जान देने वाले 11 युवा और किशोर सामने आ चुके हैं। इनमें ज्यादातर मामलों में आत्महत्या की वजह प्यार में इनकार या तकरार रही है।
प्यार पर लुटाये लाखों
शहर की 18 गिफ्ट की दुकानों और शोरूम से पिछले एक सप्ताह में करीब 10 लाख रुपयों के तोहफे खरीदे गए हैं। दुकानदारों के मुताबिक लगभग 90 फीसदी गिफ्ट प्यार के इज़हार के लिए खरीदे गए हैं। इनके अलावा कुछ शादी-बारातों और बर्थ-डे विश करने के लिए लोगों ने खरीदे हैं। लव टेम्प्लेट्स, टेडी बियर, हर्ट्स ग्लास जैसे तोहफों की बिक्री सबसे ज्यादा हुई है।
खाकी ने शहर की छानी खाक
वेलेंनटाइन-डे के दिन शहर के पार्कों के आसपास खाकी की नजरें लगी रहीं। पुलिस यूनीफार्म के अलावा सिविल ड्रेस में भी एंटी रोमियो दल सक्रिय रहा। प्यार के नाम पर हुल्लड़बाजी करने वालों पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस की टीमें गश्त करती रहीं। शहर के कम्पनी गार्डेन, बेलाताली पार्क, महाराज सिंह पार्क और अम्बेडकर पार्क के अंदर व बाहर पुलिस नजर बनाए रही।
ये भी पढ़ें -Valentine Day 2023 : चांद से पर्दा कीजिए...पर आज नहीं, पार्टनर को भेजें ये प्यार भरे मैसेज...बढ़ेगा प्यार
