टनकपुर: ठुलीगाड़ भैरव मंदिर मोटर मार्ग में बाहरी वाहनों पर रोक
पूर्णागिरि मार्ग के लामा बैंड के पास डामरीकरण हुआ शुरू
टनकपुर, अमृत विचार। पूर्णागिरि मार्ग के ठुलीगाड़ भैरव मंदिर मोटर मार्ग के लामा बैंड के पास लोनिवि की ओर से डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस दौरान प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग में बाहर से आने वाले छोटे वाहनों पर तीन दिन के लिए रोक लगा दी गई है।
यहां बता दें कि पूर्णागिरि मार्ग के लामा बैंड क्षेत्र में पूर्व में टायल लगाए जाने से यहां पर कई दुर्घटना हो गई थी, जिससे श्रद्धालुओं, वाहन स्वामियों और चालकों को भी काफी दिक्कतें आ रही थी। वहीं पूर्णागिरी क्षेत्र के काली गूंठ के ग्राम प्रधान मंजू पांडेय ने भी प्रशासन से बार-बार इस क्षेत्र में हो रही दुर्घटना को देखते हुए टायल के स्थान पर सीसी या डामरीकरण किए जाने की मांग की गई थी।
साथ ही 12 फरवरी को अमृत विचार समाचार पत्र ने भी पूर्णागिरि मार्ग का लामा बैंड दुर्घटना को दे रहा दावत शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसमें कहा गया कि इस क्षेत्र में सीसी या डामरीकरण निर्माण नहीं किया गया तो होली पर्व के बाद यानी 9 मार्च से शुरू होने वाले सरकारी तौर पर देश के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ सकता है।
इधर इस क्षेत्र में बार-बार हो रही दुर्घटना को देखते हुए लोनिवि ने लामा बैंड के पास करीब 50 मीटर लंबा मार्ग में डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से ठुलीगाड़ भैरव मंदिर मोटर मार्ग में बाहर से आने वाले छोटे वाहनों पर तीन दिन के लिए रोक लगा दी है।
बाहर से आने वाले छोटे वाहनों को ठुलीगाड़ के पास ही रोक दिया जा रहा है। इस समय मां पूर्णागिरि धाम में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए ठुलीगाड़ से लामा बैंड तक और लामा बैंड से आगे भैरव मंदिर तक स्थानीय छोटे वाहनों से सवारियां आ जा रही है।
