मथुरा में पुलिस के सामने पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति को पकड़ने की बजाय भागे पुलिसकर्मी
मथुरा, अमृत विचार। रिफाइनरी थाना क्षेत्र के गांव भाहई में मंगलवार की सुबह एक पति ने अपनी पत्नी को तमंचे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। आपको बता दें, जिस समय गोली मारी गई उस समय थाना रिफाइनरी के पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। पति के हाथ में तमंचा देख उसे पकड़ने के स्थान पर पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। बाद में सूचना मिलने पर मौके पर एसएसपी, एसपी सिटी समेत अन्यअधिकारी मौके पर पहुंचे और वारदात स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और विवाहिता के मायके पक्ष को भी सूचना दी, देर शाम तक पोस्टमार्टम हाउस पर नहीं पहुंचे। एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी समेत रिफाइनरी सर्किल का फोर्स लगाया है।
सोमवार को गांव भाहई निवासी गंगा सिंह रात की ड्यूटी करके घर लौटा तो उसे घर पर पुलिस मौजूद मिली। उसने जानकारी चाही तो पुलिसकर्मियों उसे हड़काते हुए थाने ले जाने लगे। किसी तरह वह पुलिसकर्मियों को बहलाफुसला कर घर के अंदर गया और तमंचा निकाल कर अपनी 29 वर्षीय पत्नी सोनिया के एक के बाद एक दो गोली दाग दी। एक गोली उसके माथे में लगी जबकि दूसरी गोली उसके कनपटी में लगी। गोली लगने से महिला लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
इधर, पुलिसकर्मियों ने यह देखा तो वह आरोपी को पकड़ने के स्थान पर भाग खड़े हुए। पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी तो मौके पर एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी एमपी सिंह, सीओ रिफाइनरी हर्षिता सिंह पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार गंगा सिंह की पत्नी सोनिया आठ-नौ महीने अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। काफी प्रयास के बाद वह लौटकर आई और गांव के जीतू पुत्र भोपाल समेत नौ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जीतू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया,जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पिछले काफी समय से पति-पत्नी अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार दो फरवरी को मृतका अपने पति के साथ एसएसपी कार्यालय गई और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार की तड़के उसके परिजनों ने महिला को प्रेमी के दोस्त के साथ संदिग्ध हालत में पकड़ लिया था। परिजनों ने जब उसको डांटा तो उसने 112 पर कॉल करके पुलिस बुला ली। इधर, उसका पति भी आ गया। महिला ने पति व परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाया तो पुलिस दोनों को लेकर थाने जाने लगी। बस इसी बात से गंगाराम का दिमाग खराब हो गया और उसने अपनी पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि जिस समय वारदात हुई, उस समय पुलिस घर के बाहर खड़ी हुई थी। महिला और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। उसके चलते ही घर के अंदर पति ने महिला की हत्या कर दी। जिस प्रेमी के साथ पहले महिला गई थी, वह अभी जेल में है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस और एसओजी के साथ-साथ रिफाइनरी सर्किल की पुलिस टीम को लगाया गया है।
यह भी पढ़ें- मथुरा: युवक को लाठी डंडों से जमकर पीटा, फिर गोली मारकर ले ली जान, फाइनेंस कर्मियों पर हत्या का आरोप
