संभल: मीटर में शंट लगाकर बिजली चोरी, छह पर एफआईआर
बिजली विभाग के अधिकारियों ने 80 प्रतिशत बिजली चोरी वाले क्षेत्रों में चलाया चेकिंग अभियान, शंट लगाकर चार मीटर मिले टेंपर्ड, दो कटिया कनेक्शन पकड़े
संभल के सरायतरीन में बिजली चेकिंग अभियान चलाया अधिकारी
संभल, अमृत विचार। बिजली विभाग को धोखा देकर अब लोगों ने मीटर में शंट लगाकर बिजली चोरी शुरू कर दी है। मंगलवार को विभागीय अधिकारियों ने जब 80 प्रतिशत बिजली चोरी वाले क्षेत्र में चेकिंग की तो ऐसे चार मामले पकड़ में आए, जबकि दो स्थानों पर कटिया कनेक्शन डालकर बिजली चोरी होती मिली। विभाग ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
एसडीओ प्रथम यशपाल सिंह, एसडीओ तृतीय महेंद्र सिंह, जेई योगेश कुमार और विजीलेंस टीम ने मंगलवार को सरायतरीन के रामा टाकीज फीडर पर चेकिंग की। इस फीडर पर बड़ी बिजली चोरी की शिकायत थी। अधिकारियों ने घरों के बाहर और पोलों पर लगे मीटर को चेक किया तो बड़ा खेल खुल गया। चेकिंग में चार मीटर टेंपर्ड मिले। चौंकाने वाली बात यह रही कि मीटरों का ऊपरी ढक्कन खोलने के बाद उसमें शंट लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी।
अधिकारियों ने रामा टाकीज, कोटला, हौज कटोरा में चेकिंग अभियान चलाया। एसडीओ प्रथम यशपाल सिंह ने बताया कि मीटर में शंट लगाकर बिजली चोरी के चार मामले मिले जबकि दो स्थानों पर कटिया कनेक्शन डालकर बिजली चोरी पाई गई। छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। कहा कि जिन इलाकों में बिजली चोरी ज्यादा होने की बात सामने आ रही है, उनमें सख्ती से अभियान चलेगा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष के भाई की सड़क हादसे में मौत
