बरेली: 350 पुलिसकर्मियों के सुरक्षा घेरे में रहेंगे संघ प्रमुख, खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

शहर में 16 से 20 फरवरी तक करेंगे प्रवास, एडीजी और आईजी ने आने-जाने के रूट और कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण

बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के शहर में 16 से 20 फरवरी तक चार दिन प्रवास के दौरान एक एसपी और दो एएसपी के साथ साढ़े तीन सौ पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। हाल ही में उनके एक बयान के विरोध को देखते हुए खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: 19 फरवरी को व्यापारी सम्मेलन में शामिल होंगे नितिन अग्रवाल

जंक्शन से लेकर जीआरएम स्कूल और रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में उनके कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंगलवार को एडीजी और आईजी ने कई अफसरों के साथ मोहन भागवत के आने-जाने के रूट और जीआरएम स्कूल में कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

संघ प्रमुख को जंक्शन से कड़ी सुरक्षा में जीआरएम स्कूल तक लाने जाने के लिए फ्लीट तैयार की जा रही है। इसके लिए एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने जिला प्रशासन को पांच इनोवा कार उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा है। इसमें ये गाड़ियां बुधवार सुबह 10 बजे तक पुलिस लाइन में उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।

संघ प्रमुख का कार्यक्रम पुलिस-प्रशासन को कई दिन पहले ही मिल गया। तभी से अफसर तैयारियाें में जुटे हुए हैं। संघ के महानगर पदाधिकारियों को एक महीने पहले ही कार्यक्रम की जानकारी दे दी गई थी। ब्रज प्रांत के पदाधिकारी भी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

जीआरएम स्कूल में होंगी ब्रज प्रांत की कई बैठकें
संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक डोहरा रोड स्थित जीआरएम स्कूल में संघ प्रमुख के प्रवास के दौरान 17 से 19 फरवरी तक कई बैठकें होंगी। इनमें सेवा विभाग, पर्यावरण गतिविधि, मार्ग सुरक्षा, ग्राम विकास, कुटुंब प्रबोधन से संबंधित चर्चा होगी। संघ के कार्यों की समीक्षा के साथ संगठन के अगले कार्यक्रमों की योजना तय होगी।

19 फरवरी को पदाधिकारियों और उनके परिवार के दो-दो लोगों के साथ परिवार मिलन कार्यक्रम होगा। संघ प्रमुख भी उनसे संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में करीब 400 लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। इसके लिए उन्हें पास जारी किए जाएंगे। जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें- जी-20 सम्मेलन में बरेली कॉलेज के छात्रों ने पेश किए अपने प्रोजेक्ट

 

संबंधित समाचार