झारखंड : विभिन्न समुदायों के दो समूहों के बीच हुई झड़प में छह घायल, निषेधाज्ञा लागू

झारखंड : विभिन्न समुदायों के दो समूहों के बीच हुई झड़प में छह घायल, निषेधाज्ञा लागू

मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू जिले के पनकी कस्बे में बुधवार को विभिन्न समुदायों के दो समूहों के बीच हुई झड़प में कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह झड़प पनकी बाजार में आगामी शिवरात्रि उत्सव के लिए स्थापित स्वागत द्वार को नुकसान पहुंचाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।

ये भी पढ़ें - airtel 5G प्लस अब भारत के सभी पूर्वोत्तर राज्यों में उपलब्ध

उन्होंने बताया कि झड़प के बाद पनकी कस्बे में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पनकी में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी वहां मौजूद हैं। पलामू के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) राज कुमार लाकड़ा ने बताया कि झड़प एक विवाद के बाद हुई।

उस विवाद में आगामी शिवरात्रि उत्सव के लिए स्थापित स्वागत द्वार को नुकसान पहुंचाने को लेकर ईंट-पत्थरबाजी और एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया गया। आईजीपी ने बताया कि दोनों समुदाय के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उपायुक्त ए डोडे, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। अधिकारी ने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। 

ये भी पढ़ें - भारत घरेलू कंपनियों से खरीद के लिए रक्षा पूंजीगत व्यय का करेगा 75 प्रतिशत खर्च : राजनाथ सिंह