UP Board Exam 2023: डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का मुआयना, गुटखा खाते मिले अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की परीक्षा के पहले दिन गुरुवार को जिलाधिकारी अभिषेक आनन्द ने पहली पाली में कई परीक्षा केंद्रों का मुआयना किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से व्यवस्थों की जानकारी ली और हिदायत दी कि परीक्षा में किसी तरह की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। परीक्षा शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हो।

एक परीक्षा केंद्र में अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक को गुटखा खाते पाए जाने और आई कार्ड न होने पर डीएम ने सख्त नाराजगी जताई। डीआईओएस को तत्काल शिक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। डीएम ने चित्रकूट इंटर कॉलेज, जेपी इंटर कॉलेज एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का मुआयना किया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित सीसीटीवी रिकॉर्ड रूम का भी औचक निरीक्षण किया।

सीआईसी में डीएम को केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य डॉ. रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि 25 कक्षों में परीक्षा संचालित हो रही है। जेपी इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापक रजनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि 10 कक्षों में परीक्षा कराई जा रही है।

राजकीय हाई स्कूल मड़ैयन के प्रधानाचार्य और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक भैरव प्रसाद को ड्रेस कोड और आई कार्ड न होने पर व गुटखा खाते पाए जाने पर डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र स्वरूप को संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में सभी लोगों के आई कार्ड अवश्य होना चाहिए।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्या पुष्पा वर्मा ने बताया कि नौ कक्षों में परीक्षा संचालित कराई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित मानीटरिंग सेल का निरीक्षण करने के दौरान डीएम ने एएसडीएम राम जन्म यादव को निर्देश दिए कि लगातार सभी परीक्षा केंद्रों के संचालन का सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से निगरानी करते रहें।

उन्होंने डीआईओएस से कहा कि जिन परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे के रिकॉर्डर पर फोकस कम आ रहा है उन केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दें कि वे तत्काल सही कराएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक,  स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-गोरखपुर: जनता दर्शन में बोले सीएम योगी- किसी के साथ अन्याय नहीं होने दूंगा

 

संबंधित समाचार