अमरोहा : कार की टक्कर से दो कांवड़िये घायल, थाने के सामने हंगामा
आक्रोशित शिवभक्तों ने लगाया जाम, कार में की तोड़फोड़ , एएसपी व सीओ ने मौके पर पहुंचकर बिगड़ते हालात संभाले
नौगावां सादात (अमरोहा), अमृत विचार। तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे दो कांविड़यों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें एक कांवड़ नीचे गिरकर खंडित हो गई। इसके बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए कांवड़ियों ने टक्कर मारने वाली कार में तोड़फोड़ की। थाने के सामने कावंड़ियों ने जाम लगा दिया। मौके पर चार थानों की पुलिस पहुंच गई। एएसपी, सीओ ने मौके पर पहुंचकर बिगड़ते हालात संभाले। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
नौगावां सादात थाना क्षेत्र के अमरोहा-बिजनौर मार्ग पर शिवभक्त हरिद्वार से जल भरकर लौट रहे है। संभल जिले के बहजोई थानाक्षेत्र के बंजरपुरी गांव के कांवड़ियों का जत्था गुरुवार दोपहर नौगांवा सादात में पहुंचा था। इस दौरान रिंकू पुत्र अक्कू और सतीश पुत्र प्रकाश नौगावां सादात के बुध बाजार चौराहे के पास लगे शिविर के बाहर खड़े होकर अपने कुछ साथियों का इंतजार कर रहे थे। तभी बिजनौर की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने दोनों कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में रिंकू और सतीश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि सतीश की कांवड़ जमीन पर गिरकर खंडित हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही पीछे से आए साथियों ने हंगामा शुरू कर दिया। अन्य कांवड़िये भी हंगामा कर रहे लोगों में शामिल हो गए। बड़ी संख्या में एकत्र हुए आक्रोशित कांवड़ियों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। हंगामा करते हुए नौगावां थाने के गेट के पास जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही नौगावां सादात थाना समेत, मंडी धनौरा, बछरायूं, अमरोहा और देहात थाना पुलिस को मौके पर बुला लिया।
वहीं एएसपी राजीव कुमार सिंह, सीओ सिटी विजय कुमार राणा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हंगामा कर रहे कांवड़ियों को समझाकर शांत किया। लेकिन वे कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर डटे रहे और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने घायल कांवड़ियों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि हरिद्वार से जल भरकर ला रहे दो शिवभक्तों को कार ने टक्कर मार दी थी। गुस्साए कांवड़ियों ने हंगामा किया था। समझाने के बाद गंतव्य के लिए भेज दिया गया है। जबकि घायल शिवभक्तों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मामले में शिवभक्त की तहरीर पर कार चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : पुलिस मुठभेड़ में दबोचा 25 हजार का इनामी बदमाश, पैर में लगी गोली
