अमरोहा : पुलिस मुठभेड़ में दबोचा 25 हजार का इनामी बदमाश, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया

अमरोहा, अमृत विचार। सर्राफ से लूट के आरोपी 25,000 रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बाइक सवार बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
    
सीओ धनौरा अरुण कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात को रजबपुर पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने की बजाय वहां से भागने लगा। गांव चक रुस्तमपुर के जंगल में उसे पुलिस टीम ने घेर लिया। पुलिस द्वारा घिरने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली बदमाश के  पैर में लगी और वह जमीन पर गिर गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

 बदमाश की पहचान राशिद निवासी गांव गिनोरी थाना शिकारपुर जिला बुलंदशहर के रूप में हुई। सीओ ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश शातिरआरोपी है। जिस पर 25,000 का इनाम घोषित है। आरोपी बदमाश ने हसनपुर थाना क्षेत्र में दो माह पहले सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम दिया था और उस घटना में वह वांछित चल रहा था। पुलिस ने बदमाश से तमंचा, कारतूस, बाइक व लूट की घटना से संबंधित 6250 रुपये की नकदी बरामद की है। उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। 

बदमाश पर 12 से अधिक मुकदमे
सीओ अरुण कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश राशिद शातिर अपराधी है। जिस पर गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा आदि जगहों में लूट, चोरी आदि से संबंधित करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं। सीओ ने बताया कि आरोपी राशिद ने हसनपुर में सर्राफा व्यापारी के साथ अपने साथी तरुण उर्फ भूरा व आंसू उर्फ आस मोहम्मद के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था।

ये भी पढ़ें:- ‘Financial Situation समेत कई कारणों से Pakistan का दृष्टिकोण नकारात्मक करार’

संबंधित समाचार