केवाईसी अभियान : एक करोड़ से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं ने दर्ज कराए संपर्क नंबर
मात्र 15 दिनों में 65 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के वाट्सएप नम्बर दर्ज
अमृत विचार, लखनऊ। पावर कॉरपोरेशन के केवाईसी अभियान के तहत करीब एक करोड़ बिजली उपभोक्ताओं के संपर्क नंबर दर्ज किए गए हैं। इन उपभोक्ताओं को विभाग की ओर से बिजली आपूर्ति के साथ अन्य सभी जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मात्र 15 दिनों में एक करोड़ से अधिक लोगों के मोबाइल नंबर व 65 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के वाट्सएप नम्बर दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा 1,34,797 उपभोक्ताओं के ई-मेल आईडी को भी बिलिंग सिस्टम में शामिल किया गया है। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर, वाट्सएप नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज हुई है, उनको बिल सम्बन्धी जानकारी, विच्छेदन तिथि, बिल भुगतान की सुविधा, बिजली सम्बन्धी शिकायतों का तत्काल निस्तारण, लोड घटाना-बढ़ाना, विभागीय योजनाएं, नए संयोजन, शिविरों की जानकारी और बिजली बाधित होने की जानकारी समय से प्राप्त होती रहेगी।
काॅरपोरेशन के अध्यक्ष एम देवराज ने बताया कि विभाग की कोशिश है कि सभी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर के साथ अन्य सम्पर्क के माध्यम को बिलिंग सिस्टम से जोड़ा जाए। इससे उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली सम्बन्धी विभिन्न जानकारियां समय से उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि बिजली कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि वे उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर, वाट्सएप नंबर या ई-मेल आईडी दर्ज करने से लिए प्रयास जारी रखें।
यह भी पढ़ें : लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र अब कर सकेंगे मत्स्य अनुवांशिक में इंटर्नशिप
