अयोध्या: परीक्षा देने गई छात्रा लापता, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
अयोध्या, अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के आर्यकन्या इंटर कॉलेज में कक्षा छह की परीक्षा देने गई एक छात्रा लापता हो गई। खोजबीन के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर छात्रा की मां ने अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज कराया है।
बताया गया कि कैंट थाना क्षेत्र के बंदे अली की छावनी, रेतिया निवासी 14 वर्षीय छात्रा गुरुवार को पूर्वाह्न 11.30 बजे परीक्षा देने के लिए स्कूल जाने को घर से निकली थी। लेकिन परीक्षा खत्म होने के बावजूद दोपहर बाद तीन बजे तक घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर शिकायत पुलिस को दी है।
पीड़ित मां का कहना है कि पुत्री स्कूल ड्रेस के बजाय स्लेटी सलवार सूट पहनकर परीक्षा देने निकली थी। उन्होंने आशंका जताई है कि गैर समुदाय के तीन लड़के बहला-फुसला कर उसकी पुत्री को भगा ले गए हैं। शुक्रवार को सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मां की शिकायत पर कैंट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ किशोरी को बहला-फुसला कर भगा ले जाने की धारा में केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: 55 ग्राम पंचायतों में से 17 गांवों में ठप पड़े मनरेगा कार्य
