अयोध्या: 55 ग्राम पंचायतों में से 17 गांवों में ठप पड़े मनरेगा कार्य

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मवई, अयोध्या। मनरेगा योजना में पंजीकृत लाखों कामगारों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के कार्यों को गति नहीं मिल पा रही है, यहां ब्लाक की 55 ग्राम पंचायत में से 17 गांवों में मनरेगा कार्य ठप पड़ा है। मनरेगा योजना के तहत पंजीकृत परिवारों को सौ दिन के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने के लिए अनेक परियोजनाओं को ग्राम पंचायतों में चलाया जा रहा है। कई प्रकार की समस्याओं के चलते कार्य प्रभावित हो गए हैं। 

कई ग्रामों में तो कार्य बंद हो गए थे, अब जबकि मौसम पूरी तरह साफ हो गया है, इसके बाद भी मनरेगा के कार्यों को गति नहीं मिल सकी है। इस बात को विभागीय आंकड़ें खुद ब खुद पुख्ता कर रहे हैं। विभागीय अफसर मनरेगा के कार्यों में जल्द गति प्रदान करने की बात कह रहे हैं। विकास खंड मवई की 55 ग्राम पंचायतों में 17 ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य ठप चल रहा है। वहीं आधा दर्जन ग्राम पंचायतों में सिर्फ एक से दो मजदूर ही कार्य पर लगे हुए हैं। 

मवई ब्लाक की ग्राम पंचायत भट्टमऊ नारायणपुर,चंद्रामऊ मंगा, चंद्रामऊ बैरम, देवईत, हुनहुना,जैसुखपुर, मैरामऊ, मखदूमपुर, मवई, नौगवाडीह, निरोजपुर बघेड़ी, पचलो, रतनपुर, शेरपुर, सिपहिया कोटवा,नेवरा में मनरेगा कार्य पूरी तरह से ठप है। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 39 ग्राम पंचायतों में कार्य चल रहा है। कुल 1376 मजदूर कार्य कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: मनरेगा में पारदर्शिता की मांग को लेकर दिया धरना

संबंधित समाचार