निर्वाचन आयोग का फैसला लोकतंत्र के लिए खतरनाक: उद्धव ठाकरे
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे गुट को वास्तविक शिवसेना मानने संबंधी निर्वाचन आयोग के फैसले को शुक्रवार को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया। ठाकरे ने उपनगरीय बांद्रा में अपने ‘मातोश्री’ आवास पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘उन्होंने (एकनाथ शिंदे गुट) हमारे 'तीर-कमान' चिह्न को चुरा लिया है, लेकिन लोग इस चोरी का बदला लेंगे।’’ उन्होंने दावा किया कि भारत में कोई लोकतंत्र नहीं बचा है।
ये भी पढ़ें - निर्वाचन आयोग के फैसले ने साबित कर दिया कि असली शिवसेना की कमान शिंदे के पास: फडणवीस
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यह घोषणा करनी चाहिए कि देश में तानाशाही शुरू हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘हम एकनाथ शिंदे गुट को वास्तविक शिवसेना के रूप में मान्यता देने संबंधी निर्वाचन आयोग के फैसले को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देंगे।’’
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का फैसला लोकतंत्र के लिए बहुत खतरनाक है। ठाकरे ने कहा कि निर्वाचन आयोग के फैसले से संकेत मिलता है कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव जल्द ही घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें - MSME को नुकसान पहुंचा रही है मोदी सरकार: कांग्रेस
