रायबरेली: महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़े भक्त, हो रहा जलाभिषेक
रायबरेली, अमृत विचार। शनिवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर चारों तरफ हर-हर महादेव की धूम मची हुई है। प्रातः काल से ही शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों की कतारें लगी है। शहर से लेकर गांव तक शिव मंदिर सजे हुए हैं।
शिवालयों पर प्रातः काल से ही जलाभिषेक हो रहा है। जनपद के गंगा तटों पर भी भारी संख्या में लोग स्नान करने पहुंचे हैं ।गंगा तट से लोग जल भरकर शिवालयों में पहुंच रहे हैं। क्षेत्र के गंगा घाट गेगासो ,डलमऊ, गोकना और पूरे तीर पर भारी भीड़ है ।इसके अलावा नगर के चंदापुर कोठी स्थित श्री जगमोहनेश्वर मंदिर में प्रातः 3 बजे से जलाभिषेक हो रहा है। उधर लालगंज ,डलमऊ, सरेनी, ऊंचाहार, सलोन ,परशदेपुर, नसीराबाद ,बछरावां ,महाराजगंज आदि स्थानों पर शिवालयों में लोग जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं।
सरेनी के शिवालयों में उमड़ा सैलाब
सरेनी में महाशिवरात्रि के अवसर पर ग्रामांचलों में स्थित शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। पल्टीखेड़ा गावँ में स्थित प्राचीन सिहोलेश्वर धाम में सुबह तड़के से ही भक्तों का रेला आना शुरू हो गया था। शिव भक्त हर-हर महादेव बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। भक्तों की भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस प्रशासन को आधा किलोमीटर पूर्व ही नहर के किनारे वाहनों को रुकवाना पड़ रहा था।सभी ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया,बेलपत्र,पुष्प, फल व प्रसाद चढ़ाया तथा भोले बाबा की परिक्रमा भी की।मान्यता है कि यहां पर स्थित शिवलिंग स्वयं भू है। कहा जाता है कि इसे मुगलकाल में औरंगजेब की सेना ने तोड़ने की कोशिश की थी किन्तु अचानक मधुमक्खियों ने सैनिकों पर हमला कर दिया और वे भाग खड़े हुए।श्रद्धालुओं को विश्वास है कि यहां आने व पूजा अर्चना करने पर उनकी हर मनौती पूरी होती है।यहां देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। इसके अलावा दरियापुर गावँ में स्थित दरियाश्वर मन्दिर,रसूलपुर में स्थित मनकामेश्वर मन्दिर,गेंगासों स्थित महामंडलेश्वर मन्दिर,गांवों में स्थित शिवालयों में भी भक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की व भोले बाबा से विश्व में शांति बनाये रखने हेतु रूस यूक्रेन युद्ध को रोकने हेतु उनका आशीर्वाद व सहायता किये जाने की भी प्रार्थना की।
ये भी पढ़ें -Mahashivratri: काशी में अब तक दो लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक, CM योगी ने गोरखपुर में किया पूजन
