हल्द्वानी व गौलापार में पांच कॉलोनियों की जांच, रेरा भेजी जाएगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला विकास प्राधिकरण ने हल्द्वानी व गौलापार में कृषि भूमि पर अवैध बसाई जा रही पांच कॉलोनियों के खिलाफ जांच पूरी कर ली है। अब यह जांच रिपोर्ट उत्तराखंड भूसंपदा नियमाक प्राधिकरण (रेरा) देहरादून को भेजी जाएगी। 

रवि शंकर जोशी निवासी बसंतपुर, गौलापार ने उत्तराखंड भूसंपदा नियमाक प्राधिकरण (रेरा) में शिकायत करते हुए कहा था कि नयागांव सम्मल में खाता संख्या 00033, हरिपुर सिंह उर्फ लछमपुर में खाता संख्या 20,21,22, कुंवरपुर में खाता संख्या 00014, कल्याणपुर में खाता संख्या 19,20,21 और लामाचौड़ खास में एक रेस्टोरेंट से सटी हुई कृषि भूमि पर माफिया नियमों के खिलाफ आवासीय प्लॉटिंग/अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही हैं। इन अवैध निर्माणों से सरकार को करोड़ों के राजस्व को चूना लग रहा है। इस पर प्राधिकरण सदस्य नरेश सी मठपाल ने बीती चार जनवरी को जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे।

इधर, प्राधिकरण उपाध्यक्ष डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने इसकी जांच संयुक्त सचिव/सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को सौंपी थी। संयुक्त सचिव ने इन सभी कॉलोनियों की शिकायतों पर जांच पूरी कर ली है। जांच रिपोर्ट प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय को सौंप दी गई है। इसकी रिपोर्ट रेरा देहरादून भेजी जा रही है। फिर रेरा से मिलने वाले निर्देशों के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

उत्तराखंड भूसंपदा नियमाक प्राधिकरण (रेरा) ने हल्द्वानी व गौलापार में पांच अवैध कॉलोनियों की जांच करने के निर्देश दिए थे। यह जांच संयुक्त सचिव को सौंपी गई थी। संयुक्त सचिव ने निर्धारित अवधि में जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी है। अब यह रिपोर्ट रेरा को भेजी जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर रेरा सेजो भी निर्देश मिलेंगे, उस अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
= पंकज उपाध्याय, सचिव, जिला विकास प्राधिकरण 

संबंधित समाचार