हिमाचल के 29वें राज्यपाल बने शिव प्रताप, जानें पढ़ाई से लेकर राजनीति तक का सफर...

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

शिमला। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शनिवार को यहां राजभवन में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में प्रदेश के 29वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शुक्ल ने संस्कृत में शपथ ली। शुक्ल का जन्म गोरखपुर जनपद के ग्राम रूद्रपुर पोस्ट-खजनी में 01 अप्रैल 1952 को हुआ। 

यह भी पढ़ें- प्रशासन चाहता तो घाटमीका के दो युवकों की जान बचाई जा सकती थी: ओवैसी

उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा ग्राम-रूद्रपुर खजनी एवं नौवीं कक्षा से विधि स्नातक की शिक्षा गोरखपुर में प्राप्त की। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वह 1983 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुये। वर्ष 1989 में भाजपा के प्रत्याशी के रूप में गोरखपुर नगर विधानसभा क्षेत्र से प्रथम बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुये। इसके उपरान्त, वर्ष 1991 में पुनः निर्वाचित हुये एवं उत्तर प्रदेश में भाजपा की पहली सरकार के मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की सरकार में प्रारंभिक शिक्षा, प्रौढ़ शिक्षा एवं भाषा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का कार्यभार संभाला।

उन्होंने बागवानी विभाग, खेलकूद, युवा कल्याण एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के दायित्व का निवर्हन भी किया। श्री शुक्ल वर्ष 1993 में पुनः विधानसभा के लिये निर्वाचित हुये। वर्ष 1996 में चौथी बार विधानसभा के लिये निर्वाचित होने के बाद सर्वश्री कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्त और राजनाथ सिंह की सरकार में कारागार विधि एवं न्याय एवं ग्रामीण विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री के रूप में अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निवर्हन किया।

इसके उपरान्त, 10 जून, 2016 को वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित हुये। उन्होंने तीन सितम्बर, 2017 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में वित्त राज्यमंत्रीका दायित्व संभाला। उन्होंने 04 जुलाई, 2022 तक राज्यसभा सदस्य के रूप में अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। 

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: महाशिवरात्रि के मौके पर मुस्लिम दंपत्ति ने किया भगवान शिव का जलभिषेक

संबंधित समाचार