Unnao News : ससुराल आए युवक का सड़क किनारे पड़ा मिला शव, पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी
उन्नाव में सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला।
उन्नाव में सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला। हरदोई के मल्लावां से आसीवन के मियांगंज युवक आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उन्नाव, अमृत विचार। ससुराल आए युवक का शव कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ मार्ग पर अतरधनी गांव के पास संदिग्ध हालातों में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता ने सड़क हादसे में मौत की तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पड़ोसी जनपद हरदोई के कस्बा मल्लावां के बंदीपुर मोहल्ला निवासी वकील अहमद (32) पुत्र शकील अहमद की ससुराल जिले के थाना आसीवन अंतर्गत ग्राम मियागंज में है। बीते शनिवार को वकील अहमद अपनी ससुराल मियागंज गया था। रविवार सुबह क्षेत्रीय ग्रामीणों ने उसका शव लखनऊ मार्ग पर अतरधनी के पास सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो जेब से मिले मोबाइल के जरिए उसकी शिनाख्त हुई।
सूचना पर मृतक के पिता शकील अहमद ने पहुंच कर बेटे की शिनाख्त की। पिता ने पुलिस को दी गयी तहरीर में सड़क हादसे में बेटे की मौत की बात कही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिता के अनुसार उनका पुत्र वकील अहमद जरदोजी का कार्य कर अपने परिवार का पालन पोषण करता चला रहा था। मृतक की पत्नी सबा और बेटा रहमान (4) घर पर हैं।
