संभल: तकादा करने पर अधिवक्ता पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घायल की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। रुपयों का तकादा करने पर दो लोगों ने अधिवक्ता पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। बचाव को आए साथी को भी मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया है। 

 सुभाष रोड निवासी अधिवक्ता अमित पाठक पुत्र सुभाष पाठक ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार की रात करीब 10 बजे वह अपने घर जा रहा था। इस दौरान वह अपनी गाड़ी से बिसौली गेट अक्रूरजी पुरम मार्केट के पास से गुजर रहा था तो वहां पहले से खड़े सागर गुप्ता व अभिषेक उर्फ अनिल गाड़ी से खींच कर मारपीट की। इतना ही नहीं चाकू से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। बचाव को आए साथी कपिल त्यागी पर भी धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया।

आरोप है कि सागर गुप्ता व अभिषेक उर्फ अनिल करीब चार माह पूर्व मिट्टी मलवा भराव आदि के नाम पर उससे एक लाख 25 हजार रुपये ठगी करके ले गए थे। उसने सागर गुप्ता से अपने रुपयों का तकादा किया तो वह आगबबूला हो गया और मारपीट की।  

पुलिस ने तहरीर के आधार पर सागर गुप्ता पुत्र वीरेंद्र गुप्ता व अभिषेक उर्फ अनिल पुत्र कालीचरन निवासी गण मोहल्ला गणेश कालोनी चन्दौसी के खिलाफ जानलेवा हमला समेत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं सागर गुप्ता का कहना है कि मुझ पर जबरन मिट्टी डलवाने का दबाव बनाया जा रहा था, जबकि परमीशन की समयसीमा खत्म हो चुकी थी, मारपीट का आरोप निराधार है। जबकि कार्यालय के बाहर मेरे साथ मारपीट की गई, पुलिस की जांच में हकीकत सामने आ जाएगी।

ये भी पढ़ें:- संभल: कार की टक्कर से मोपेड सवार श्रद्धालु की मौत

संबंधित समाचार