BAFTA Awards 2023 : बाफ्टा अवॉर्ड्स 2023 में किसने जीता कौन सा अवॉर्ड?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंदन। 76वें ब्रिटिश अकैडमी फिल्म अवॉर्ड्स (बाफ्टा) में ऑल क्वाइट ऑन द वेस्टर्न फ्रंट ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म और इसके निर्देशक एडवर्ड बर्गर ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीता है। केट ब्लैंचेट ने टार के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का जबकि ऑस्टिन बटलर ने एल्विस के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता। द बैंशीज ऑफ इनिशेरिन' को आउटस्टैंडिंग ब्रिटिश फिल्म का पुरस्कार मिला।

भारतीय फिल्मकार शौनक सेन की डॉक्यूमेंट्री ऑल दैट ब्रीद्स ने बेस्ट डॉक्यूमेंट्री की श्रेणी में नॉमिनेशन हासिल किया था, लेकिन अफसोस यह पुरस्कार जीतने में नाकाम रही। इस श्रेणी में यह अवॉर्ड डैनियल रोहर की डॉक्यूमेंट्री नवलनी को मिला है, जिसकी कहानी रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी के इर्द-गिर्द घूमती है। इस रेस में नवलनी ने फायर ऑफ लव, मूनेज डे ड्रीम और ऑल द ब्यूटी एंड द ब्लडशेड जैसी डॉक्यूमेंट्री फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।

इस बार BAFTA में फिल्म ऑल क्वाइट इन द वेस्टर्न फ्रंट का जलवा देखने को मिला। फिल्म ने बेस्ट फिल्म से लेकर बेस्ट साउंड, बेस्ट ओरिजनल स्कोर, बेस्ट सिनेमैटोग्राफी, बेस्ट फिल्म इन नॉन इंग्लिश लैंगवेज, बेस्ट एडेप्टेड स्क्रीन प्ले और बेस्ट डायरेक्टर यानी कुल सात श्रेणियों में जीत हासिल की। इसके अलावा बंशीज ऑफ इनिशेरिन ने बेस्ट आउटस्टैंडिंग ब्रिटिश फिल्म से लेकर बेस्ट ओरिजनल स्क्रीनप्ले, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस की श्रेणी में चार पुरस्कार अपने नाम किए।

अभिनेत्री कैट ब्लैंचेट ने फिल्म 'टार' के लिए बेस्ट लीडिंग एक्ट्रेस का खिताब जीता। उन्होंने इस साल अपनी इसी फिल्म के लिए गोल्डन ग्लोब पुरस्कार भी अपने नाम किया था। इसके अलावा क्रिटिक्स चॉइस अवॉड्‌र्स 2023 में भी फिल्म 'टार' के लिए ही उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला था। दूसरी तरफ इस साल गोल्डन ग्लोब जीतने के बाद ऑस्टिन बटलर ने फिल्म 'एल्विस' के लिए बेस्ट लीडिंग एक्टर की श्रेणी में BAFTA पुरस्कार भी जीता।

बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन की श्रेणी में बेबीलोन ने तो बेस्ट कॉस्ट्यूम, बेस्ट कास्टिंग और बेस्ट मेकअप एंड हेयर की श्रेणी में एल्विस ने जीत हासिल की। एन इरिश गुडबाय बेस्ट शॉर्ट फिल्म बनी तो बेस्ट विजुअल अफेक्ट्स की श्रेणी में अवतार: द वे ऑफ वॉटर जीती।

पिनोचियो बेस्ट एनिमेटेड फिल्म बनी तो एवरीथिंग एवरिवेयर ऑल एट वन्स बेस्ट एडिटिंग की श्रेणी में विजेता बनी। बेस्ट आउटस्टैंडिंग डेब्यू राइटर या डायरेक्टर या प्रोड्यूसर का खिताब आफ्टरसन और शार्लेट वेल्स को मिला।

कब और कहां शुरू हुआ था BAFTA? 
यह ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म अवॉड्‌र्स (BAFTA) का 76वां संस्करण था। अमेरिका के ऑस्कर पुरस्कार के समकक्ष माने जाने वाले ये पुरस्कार ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स द्वारा हर साल दिए जाते हैं। पहले यह समारोह लंदन में लीसेस्टर स्क्वायर स्थित फ्लैगशिप ओडियन सिनेमा में होता था। 2008 से यह लंदन स्थित रायल ओपेरा हाउस में होने लगा। 2017 से समारोह का आयोजन लंदन के रायल अलबर्ट हॉल में होता है। पहली बार BAFTA 1949 में हुआ था।

ये भी पढ़ें:- आजम खान को अपनी करनी की सजा मिली : जयाप्रदा 

संबंधित समाचार