अयोध्या: Top 5 तो दूर Top 10 में भी नहीं पहुंचा एक भी आकांक्षी ब्लाक 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

केंद्र सरकार द्वारा कराया गया था सर्वे, फिसड्डी निकले ब्लाक 

अयोध्या, अमृत विचार। जिले में आकांक्षी ब्लाक के रूप में चयनित एक भी ब्लाक केन्द्र सरकार द्वारा कराए गए सर्वे में स्थान नहीं पा सका है। टाप फाईव तो दूर टाप टेन तक में जिले के चयनित ब्लाक नहीं आ सके है। सर्वे के लिए केंद्र सरकार की ओर से तय किए गए संकेतकों पर हुए विकास कार्यों में ब्लाकों को कोई मुकाम नहीं हासिल हुआ है। 
  
जिले के मवई, पूराबाजार, मिल्कीपुर, तारून व मया का चयन आकांक्षी ब्लॉकों के रूप में किया गया है। उद्देश्य यह था कि सामाजिक व आर्थिक विषय पर आधारित पांच विषयों के अलावा स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास व अवसंरचना के संकेतकों पर ब्लॉक में विकास कार्य हों। इसमें मुख्य रूप से सभी पदों पर कर्मचारियों की तैनाती, सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन, व्यक्तिगत शौचालय के अलावा अन्य तमाम योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करते हुए विकास कार्य कराए जाने थे। इसके तहत जो सर्वे कराया गया उसमें इन ब्लाकों में संचालित योजनाओं और कार्यों को गुणवत्ता विहीन करार दिया गया है। जिसके चलते एक भी आकांक्षी ब्लाक रैंकिंग में अपना स्थान नहीं बना पाया है। 

पूराबाजार को 22.5, मया को 18.6, तारून को 16.1, मिल्कीपुर को 11.9 और मवई को मात्र 8 अंक हासिल हुए हैं। सीडीओ अनीता यादव ने बताया कि चयनित आकांक्षी ब्लॉकों में तैनात बीडीओ को इस संबंध में ट्रेनिंग करायी जायेगी। रैंकिंग में और अधिक सुधार किया जायेगा। केंद्र सरकार के संकेतकों के आधार पर लगातार कार्य कराए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें -लखनऊ में सपा विधायक ने महाशिवरात्रि पर बांटा प्रसाद, हिन्दू संगठन ने गंगाजल से की मंदिर की धुलाई  

संबंधित समाचार