Kanpur News : राजनैतिक रंजिशन में दुष्कर्म का क्रास मुकदमा, दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के पति पर दर्ज कराया मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में राजनैतिक रंजिशन में सचेंडी थाने में दुष्कर्म का क्रास मुकदमा दर्ज।

कानपुर में राजनैतिक रंजिशन में सचेंडी थाने में दुष्कर्म का क्रास मुकदमा दर्ज हुआ। दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के पति पर मामला दर्ज कराया। दूसरी महिला ने थाने में सुनवाई न किए जाने पर आत्महत्या की धमकी दी।

कानपुर, अमृत विचार। कमिश्नरेट के अंतर्गत मारपीट के मामलों में अक्सर पेशबंदी में थानों में लोग दोनों पक्षों से क्रास मुकदमा दर्ज करा देते हैं। लेकिन सोमवार को सचेंडी थाने में एक ऐसा मामला सामने आया जिसमें पुलिस ने दुष्कर्म का क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया। एक ही गांव की दो महिलाओं ने एक दूसरे के पति के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। थाना पुलिस राजनैतिक रंजिश में दोनों पक्षों से एक-दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराने की बात कह रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की बात कही है। 

सचेंडी थाना प्रभारी प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि रैकेपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव में दो दूध का काम करने वाले रहते हैं। दोनों का पारिवारिक विवाद चलता है। इसी के चलते रंजिश में 18 फरवरी को एक  दूध व्यापारी की पत्नी ने दूसरे पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए सचेंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। अभी पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही रही थी, कि सोमवार को आरोपी की पत्नी ने भी वादी के पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

कहा कि अगर सुनवाई नहीं की गई तो थाने में आग लगाकर आत्महत्या करने की धमकी दे डाली। इससे पुलिस घबरा गई और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया। महिला के पति के खिलाफ भी क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस मामले में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अभी तक की प्राथमिक जांच में दुष्कर्म का किसी प्रकार का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। लेकिन दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे के पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने के साथ बयान दिए हैं।

राजनैतिक रंजिश में मामला किया दर्ज

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है, कि गांव के प्रधान और वकील परिवार की आपस में रंजिश है। दूध का कारोबार करने वाले दोनों व्यक्ति अलग-अलग परिवार से जुड़े हुए हैं। प्रधान और वकील की रंजिश के चलते दोनों में तनातनी हो गई। प्रधान के इशारे पर महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद वकील पक्ष से भी आरोपी की पत्नी ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए क्रास मामला दर्ज कराया। 

दोनों महिलाओं की तहरीर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। अब दोनों के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोप साबित होने के बाद ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।- निशंक शर्मा, पनकी एसीपी

संबंधित समाचार