कानपुर समेत आसपास जिलों से आने वाले मरीजों को नहीं भटकना पड़ेगा, हैलट अस्पताल में खुलेंगे 12 नए ओपीडी काउंटर
कानपुर के हैलट अस्पताल में 12 नए ओपीडी काउंटर खुलेंगे।
कानपुर के हैलट अस्पताल में 12 नए ओपीडी काउंटर खुलेंगे। पूर्व महापौर ने ओपीडी कांप्लेक्स का शिलान्यास किया। मरीजों के लिए शेड होगा। इसके साथ ही पुरानी ओपीडी में बुजुर्ग, दिव्यांग, आयुष्मान कार्ड धारकों को सुविधा मिलेगी।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर समेत आसपास के जिलों से हैलट अस्पताल में दिखाने के लिए आ रहे मरीज और तीमारदारों को पर्चा बनवाने के लिए घंटो लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। यहां 12 काउंटर का नया ओपीडी कांप्लेक्स बनाया जाएगा, जिसका शिलान्यास सोमवार को पूर्व महापौर जगतवीर सिंह द्रोण ने किया। कांप्लेक्स में मरीजों के लिए शेड भी तैयार किया जाएगा, जिससे तेज धूप और बारिश के दौरान उसके नीचे बैठ सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान एडीएम सिटी अतुल कुमार, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला, प्रमुख अधीक्षक प्रो. आरके मौर्या, सीएमएस डॉ. रीता गुप्ता समेत अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।
प्रो. काला के मुताबिक ओपीडी कॉप्लेक्स प्रमुख अधीक्षक वाली बिल्डिंग गेट के पास बनाया जा रहा है। यह सांसद निधि के अंतर्गत 1.37 करोड़ की लागत से तैयार होगा। यहां एक साथ 12 काउंटर चल सकेंगे। इमरजेंसी के पास बनी ओपीडी में दिव्यांगों, बुजुर्ग, आयुष्मान कार्ड धारक और स्टाफ पर्चा बनवा सकेंगे। इस व्यवस्था से इमरजेंसी के पास भीड़ नहीं रहेगी। अत्याधिक गंभीर मरीजों को आने और जाने में सहूलियत हो जाएगी।
