अयोध्या: अल्पसंख्यक वर्ग की गरीब लड़कियों के नहीं पीले हो पा रहे हाथ, सैकड़ों परिवारों की टूटी आस
अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश सरकार से संचालित योजना में अल्पसंख्यक परिवार की गरीब बेटियों के हाथ पीले नहीं हो पा रहे हैं। अल्पसंख्यकों के लिए प्रदेश सरकार की शादी अनुदान योजना को ब्रेक लग चुका है। करीब एक वर्ष से शादी अनुदान के मद में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को फूटी कौड़ी नहीं मिली है। शादी अनुदान के लिए आवेदन करने वाले पोर्टल को भी बंद कर दिया गया है।
इसके चलते अगस्त 2022 से न तो कोई आवेदन हो पाया है और न ही आवेदन कर चुके लोगों को शादी अनुदान के लिए कोई धनराशि ही दी गई है। स्थिति यह है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में शादी अनुदान के लिए करीब 15 लाख का जो बजट अयोध्या जनपद को आवंटित था, उसे भी सरकारी खजाने में वापस ले लिया गया है।
अल्पसंख्यकों के लिए प्रदेश सरकार ने शादी अनुदान देने पर रोक लगा दी है। लेकिन पिछड़ा वर्ग के गरीब परिवारों को अभी भी शादी अनुदान योजना का लाभ मिल रहा है। बताया गया कि वर्ष 2022-23 में 300 से अधिक आवेदन हुए थे, लेकिन किसी भी आवेदक को बेटी के हाथ पीले करने के लिए प्रदेश सरकार से कोई लाभ नहीं मिला।
अल्पसंख्यकों के लिए शादी अनुदान के आवेदन करने वाले पोर्टल को अगस्त में ही बंद कर दिया गया था। इस वित्तीय वर्ष में जो बजट प्राप्त हुआ था उसे भी वापस किया जा चुका है। वर्तमान में कोई आवेदन लम्बित नहीं है। फिलहाल सामूहिक विवाह के लिए ही बजट आता है, जो शादी अनुदान के बजट से करीब 31 हजार रुपये अधिक है ...अमित प्रताप सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, अयोध्या।
यह भी पढ़ें:-UP Budget 2023: बेटियों और निराश्रित महिलाओं के लिए बजट में किया गया विशेष प्रावधान
