अमृतसर से शुरू होगी भाजपा की ‘नशा मुक्ति यात्रा’, शाह करेंगे उद्घाटन: रूपाणी
अमृतसर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के प्रभारी विजय रूपाणी ने बुधवार को कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर नशे के दरिया में बह रही पंजाब की नौजवानी को बचाने तथा उन्हें नशे के विरुद्ध जागरुक करने के लिए भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभाओं में पड़ने वाले शहरों और गांवों में ‘नशा मुक्ति यात्रा’ का आयोजन करने जा रही है, जिसकी शुरुआत गुरुनगरी अमृतसर से होगी और इसका शुभारंभ केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में यदि स्थिति सामान्य है तो चुनाव कराए केंद्र: फारूक अब्दुल्ला
भाजपा की जोनल बैठक में शामिल होने पहुंचे रूपाणी ने कहा कि भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी मार्च में पंजाब आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब की जनता की ज़मीनी स्तर की समस्यायों, नशाखोरी, बेरोज़गारी, पंजाब की ज़मीन छोड़कर बड़े पैमाने पर दूसरे देशों में जाने वाले बच्चे, पंजाब की बदहाल हो चुकी कानून-व्यवस्था की स्थिति आदि से भली-भांति परिचित है। रूपाणी ने पंजाब के मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी उपरोक्त समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर जनता से संपर्क बनाए हुए हैं और उनके साथ विचार-विमर्श कर रही है।
पंजाब आज बुरे हालात की श्रेणी में सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच चुका है और जनता को पूरा विश्वास है कि इसका हल सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। बैठक में भाजपा पंजाब प्रभारी विजय रूपाणी विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, संगठन महामंत्री श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू और सह-प्रभारी डॉ नरेंदर सिंह रैना भी उपस्थित थे।
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने इस मौके पर कहा कि जिस तेजी से पंजाब में भाजपा का जनाधार से बढ़ रहा है, उसे देखकर विपक्ष बुरी तरह बौखलाया हुआ है। उन्होंने कहा कि गाँवों की जनता भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़ रही है। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी की सरकार से पंजाब के लोग बहुत दुःखी और परेशान हैं और अब उनकी उम्मीद सिर्फ भारतीय जनता पार्टी से है।
उन्होंने कहा कि पंजाब ड्रग माफिया के कारण बर्बाद हो गया है। भगवंत मान सरकार के शासन में पंजाब में अपराध की दर निरंतर बढ़ रही है और भ्रष्टाचार एक नयी ऊंचाई पर पहुंच गया है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस राज्य के ईमानदार मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी पर विश्वास किया, लेकिन भगवंत मान ने सत्ता में आने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं किया। पंजाब के बच्चों को नशा माफिया बर्बाद कर रहे हैं, जबकि भगवंत मान सरकार मूकदर्शक बन कर तमाशा देख रही है।
यह भी पढ़ें- श्रीनगर: भर्ती में ‘अनियमितता’ जांच से जुड़ी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग को लेकर प्रदर्शन
