हल्द्वानी: नगर में प्रस्तावित एस्ट्रो पार्क को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एरीज, वन, राजस्व की संयुक्त टीम ने मुक्त विवि के समीप प्रस्तावित वन भूमि का किया स्थलीय निरीक्षण

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं की आर्थिक राजधानी हल्द्वानी में बनने वाले देश के पहले एस्ट्रो पार्क एवं साइंस सिटी के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।

बुधवार को एरीज के निदेशक प्रो. दीपंकर बनर्जी, नोडल अधिकारी मोहित जोशी, एसडीएम मनीष कुमार, हल्द्वानी रेंजर उमेश आर्य ने तीनपानी स्थित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां की छह हेक्टेयर वन भूमि में एस्ट्रो पार्क प्रस्तावित है। अब संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी जाएगी। 

डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि शासन की ओर से भारत के पहले एस्ट्रो पार्क एवं साइंस सिटी बनाने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। हल्द्वानी में विकसित होने वाले इस पार्क में नक्षत्र, सौर मंडल, नवग्रह से जुड़े अध्ययन किए जाएंगे। इसके लिए मुक्त विवि के समीप 6 हेक्टेयर भूमि का संयुक्त निरीक्षण कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा कि यहां एस्ट्रोपार्क बनने  से हल्द्वानी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और एरीज में शिक्षा प्राप्त कर रहे देशी-विदेशी शिक्षार्थियों के विकास एवं एस्ट्रो पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसमें साइंस पवेलियन, डेटा सेंटर एवं साइंस पार्क भी बनाया जाएगा। इस तरह विद्यार्थियों, शोधार्थियों को विज्ञान के प्रति जागरूक किया जाएगा और भारत की वैज्ञानिक नीव सुदृढ़ होगी। एशिया की सबसे बड़ी देवस्थल में लगी एरीज दूरबीन से एस्ट्रोपार्क की कनेक्टिविटी दी जाएगी। यह भारत का पहला प्रोजेक्ट होगा।

 

संबंधित समाचार